चक्रवात दाना ओडिशा की ओर बढ़ रहा है, जिससे लाखों लोगों को निकाला जा रहा है। ट्रेनें और हवाई सेवाएं रद्द कर दी गई हैं। 120 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है।

Cyclone Dana: चक्रवात दाना ओडिशा के तट की ओर बढ़ रहा है। इसके 25 अक्टूबर तक जमीन से टकराने की उम्मीद है। चक्रवात से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए ओडिशा और पश्चिम बंगाल में युद्ध स्तर पर तैयारी की गई है। ट्रेनें रद्द की गईं हैं। विमानों की उड़ान पर रोक लगाई गई है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

ओडिशा के तटीय जिलों से करीब 10 लाख लोगों को निकाला जा रहा है। ओडिशा के सीएम मोहन चरण मांझी ने बताया है कि बुधवार शाम तक 'खतरे वाले क्षेत्र' में रहने वाले 30 प्रतिशत (3-4 लाख) लोगों को निकाला गया। पश्चिम बंगाल में 1.14 लाख से अधिक लोगों को एहतियात के तौर पर पहले ही सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है।

Scroll to load tweet…

चक्रवात दाना के चलते चल सकती है 120 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा 
चक्रवात दाना के चलते हवा की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि चक्रवात दाना के शुक्रवार सुबह तक ओडिशा में भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान और धामरा बंदरगाह के बीच पहुंचने की संभावना है। IMD ने कहा कि बुधवार को पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान 'दाना' बना। इसके कारण कोलकाता सहित पश्चिम बंगाल के कई दक्षिणी जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।

24 और 25 अक्टूबर के लिए ट्रेनें रद्द

चक्रवात को देखते हुए पूर्वी और दक्षिण पूर्वी रेलवे ने 24 और 25 अक्टूबर को 200 से अधिक ट्रेनें रद्द की हैं। बुधवार से शुक्रवार तक ईस्ट कोस्ट रेलवे ने 198 ट्रेनें रद्द कर दी हैं। पूर्वी रेलवे ने घोषणा की है कि गुरुवार रात 8 बजे से शुक्रवार सुबह 10 बजे तक बंगाल के सियालदह डिवीजन में 190 लोकल ट्रेनों का संचालन नहीं होगा। दक्षिण पूर्वी रेलवे ने ओडिशा से गुजरने वाली या वहां से चलने वाली 150 से अधिक ट्रेनों को रद्द कर दिया है।

Scroll to load tweet…

गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है दाना

IMD से मिली जानकारी के अनुसार तूफान के उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। बुधवार सुबह 8.30 बजे चक्रवात दाना पारादीप से 420 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, धामरा से 450 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व और सागर द्वीप से 500 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व में था।

बंद रहेंगे कोलकाता और भुवनेश्वर एयरपोर्ट
चक्रवात के चलते कोलकाता एयरपोर्ट गुरुवार शाम 6 बजे से शुक्रवार सुबह 9 बजे तक बंद रहेगा। इस दौरान विमान उड़ान नहीं भरेंगे।भुवनेश्वर एयरपोर्ट गुरुवार शाम 5 बजे से शुक्रवार सुबह 9 बजे तक बंद रहेगा।

यह भी पढ़ें- विमान में बम की 120 धमकियां, केंद्र ने कहा- X से मिल रहा अपराध को बढ़ावा