रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने नौसेना के P8I विमान में उड़ान भरी। इस दौरान लंबी दूरी की निगरानी, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध और इमेजरी इंटेलिजेंस जैसे कई मिशन का प्रदर्शन किया गया।

मुंबई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने मुंबई यात्रा के दौरान भारतीय नौसेना के P8I विमान में उड़ान भरी। P8I एक खोजी विमान है। इसका इस्तेमाल समुद्री इलाके में दूर तक खोजबीन करने में होता है। इसे पानी में छिपी पनडुब्बियों को खोजने और जरूरत पड़ने पर उसके शिकार के लिए इस्तेमाल किया जाता है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

रक्षा मंत्री के साथ उड़ान के दौरान लंबी दूरी की निगरानी, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध, इमेजरी इंटेलिजेंस, एएसडब्ल्यू मिशन और अत्याधुनिक मिशन सूट व सेंसर को नियोजित करने वाली खोज और बचाव क्षमताओं का प्रदर्शन किया गया। इस उड़ान के लिए उड़ान दल में दो पायलट और तीन महिला अधिकारियों सहित सात नौसेना वायु संचालन अधिकारी शामिल थे। भारत ने अमेरिका से P8I विमान खरीदे हैं। 2013 से इसका भारतीय नौसेना में शामिल होना शुरू हुआ था। इसके शामिल होने से हिंद महासागर क्षेत्र (आईओआर) में भारतीय नौसेना के लगातार निगरानी कार्यों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

P8I विमान की खासियत
P-8I भारतीय नौसेना के लिए बोइंग द्वारा निर्मित लंबी दूरी की मल्टी मिशन समुद्री गश्ती विमान है। यह अमेरिकी नौसेना द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले P-8A पोसीडॉन मल्टीमिशन मैरीटाइम एयरक्राफ्ट (MMA) का एक प्रकार है। इसे भारत के समुद्र तट और क्षेत्रीय जल की रक्षा के लिए डिजाइन किया गया था। यह पनडुब्बी रोधी युद्ध (ASW), सतह-विरोधी युद्ध (AsuW), खुफिया, समुद्री गश्त व निगरानी और टोही मिशन का संचालन कर सकता है।

विमान सीएई एएन/एएसक्यू-508ए चुंबकीय विसंगति का पता लगाने (एमएडी) प्रणाली, एपीएस-143सी(वी)3 मल्टीमोड रडार और रेथियॉन एपीवाई-10 निगरानी रडार से लैस है। इसमें लगा APY-10 रडार सभी मौसमों और दिन व रात के मिशनों में सटीक जानकारी प्रदान करता है। 

यह भी पढ़ें- चीन और पाकिस्तान से निपटने के लिए जून तक S-400 मिसाइल सिस्टम तैनात कर सकता है भारत: पेंटागन

पी-8आई बीईएल डाटा लिंक II संचार प्रणाली, अवंटेल मोबाइल उपग्रह प्रणाली और भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स निगम (ईसीआईएल) से वन स्पीच गोपनीयता प्रणाली को भी एकीकृत करता है। यह विमान अपने साथ 54 टॉरपीडो, डेप्थ चार्ज और फ्री-फॉल बम लेकर उड़ सकता है। इसके अंडर-विंग हार्डपॉइंट को हवा से सतह पर मार करने वाली मिसाइलों से लैस किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- निजी कारणों से दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने दिया इस्तीफा, 2016 में संभाला था पदभार