दिल्ली की सीएम आतिशी ने LG को पत्र लिखकर छठ पूजा पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की है। यह मांग 7 नवंबर को छठ पूजा के संध्या अर्घ्य के लिए की गई है, जिसे दिल्ली सरकार ने प्रतिबंधित छुट्टी घोषित किया है।

Chhath Puja: आम आदमी पार्टी और दिल्ली के उप राज्यपाल वीके सक्सेना में एक बार फिर ठनती दिख रही है। दिल्ली की नवनियुक्त मुख्यमंत्री आतिशी ने लेटर लिखकर छठ महापर्व के दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की है। उप राज्यपाल को लिखे गए लेटर के बाद छुट्टी घोषित करने का दबाव अब बीजेपी खेमे पर बढ़ गया है। दिल्ली में काफी संख्या में यूपी-बिहार के लोग रहते हैं जोकि कई सीटों पर प्रभावी तौर पर निर्णायक की भूमिका निभाते हैं। छठ, भोजपुरी पट्टी का सबसे बड़ा त्योहार माना जाता है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सीएम आतिशी ने लेटर में क्या रिक्वेस्ट किया?

छठ पूजा को लेकर आम आदमी पार्टी की नेता व दिल्ली की सीएम आतिशी ने उप राज्यपाल वीके सक्सेना को लेटर लिखकर 7 नवम्बर को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि 7 नवम्बर को छठ महापर्व की संध्या का अर्घ्य है। दिल्ली सरकार की प्रतिबंधित छुट्टियों में छठ महापर्व भी शामिल है। इसलिए इस दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाना चाहिए। उन्होंने लिखा: अगले कुछ दिनों में छठ पूजा होने वाली है। आस्था का यह महापर्व चार दिनों तक मनाया जाता है। तीसरे दिन डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। यह सबसे महत्वपूर्ण है। जबकि अगले दिन सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर पारण किया जाता है। दिल्ली सरकार ने इस त्योहार के तीसरे दिन यानी 7 नवम्बर को प्रतिबंधित छुट्टी में शामिल किया है लेकिन इस दिन को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उप राज्यपाल को 7 नवम्बर को महापर्व के दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित करने के लिए फाइल भेज दी है। वह इसे स्वीकृति देकर लाखों श्रद्धालुओं को राहत दें।