मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि कर्नाटक में जिन सीटों पर उपचुनाव होंगे उनमें वे सीटें भी शामिल हैं जहां के विधायकों को हाल में अयोग्य करार दिया गया है। 

नई दिल्ली. चुनाव आयोग ने शनिवार को 18 राज्यों की 64 विधानसभा सीटों और बिहार की समस्तीपुर लोकसभा सीट पर 21 अक्टूबर को उपचुनाव कराने की घोषणा की। मतगणना 24 अक्टूबर को होगी। उपचुनाव वाली विधानसभा सीटों में 15 सीटें कर्नाटक और 11 सीटें उत्तर प्रदेश की हैं। इस उपचुनाव को 2023 का सेमीफाइनल कहा जा रहा है। इसके साथ ही महाराष्ट्र और हरियाणा राज्य में विधानसभा चुनाव 2019 की भी घोषणा की गई। महाराष्ट्र में 288 सीटों पर और हरियाणा में 90 सीटों पर विधानसभा चुनाव होगा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने दी जानकारी 

मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि कर्नाटक में जिन सीटों पर उपचुनाव होंगे उनमें वे सीटें भी शामिल हैं जहां के विधायकों को हाल में अयोग्य करार दिया गया है। उत्तर प्रदेश की 11 सीटों में अधिकतर वे हैं जहां के विधायकों ने लोकसभा चुनाव जीतने के कारण इस्तीफा दिया है। समस्तीपुर सीट लोक जनशक्ति पार्टी के नेता और सांसद राम चंद्र पासवान के जुलाई में हुए निधन से खाली हुई है। इस सीट पर भी चुनाव की घोषणा की गई है। 

सतारा लोकसभा सीट पर उपचुनाव 21 अक्टूबर को नहीं होगा 

एक सवाल का जवाब देते हुए अरोड़ा ने कहा कि सतारा लोकसभा सीट पर उपचुनाव 21 अक्टूबर को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के साथ नहीं होगा। सतारा से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सांसद उदयनराजे भोंसले इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए हैं। अरोड़ा ने बताया कि पश्चिम बंगाल में उपचुनाव नहीं होंगे क्योंकि राज्य सरकार ने दुर्गा पूजा के मद्देनजर इसे टालने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पंचायत चुनाव की प्रकिया चल रही है और राज्य प्रशासन उसमें व्यस्त है इसिलए यहां भी उपचुनाव नहीं कराए जा रहे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि कुछ अन्य सीटों पर भी उपचुनाव नहीं कराए जा रहे हैं क्योंकि उच्च न्यायालयों में मामला विचाराधीन है।

इन राज्यों में होंगे उपचुनाव 

चुनाव आयोग के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, मध्यप्रदेश, मेघालय, ओडिशा और पुडुचेरी की एक-एक सीट पर उपचुनाव होगा। असम की 4, बिहार की 5, गुजरात की 4, हिमाचल प्रदेश की 2, केरल की 5, पंजाब की 4, राजस्थान एवं तमिलनाडु की दो-दो और सिक्किम की 3 सीटों पर भी उपचुनाव होंगे। एक लोकसभा और 64 विधानसभा सीटों के लिए 23 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी और उसी दिन नामांकन प्रक्रिया भी शुरू होगी।

उत्तर प्रदेश में होने वाले उपचुनाव के क्षेत्र

उत्तर प्रदेश के लखनऊ की कैंट, बाराबंकी की जैदपुर, चित्रकूट की मानिकपुर, सहारनपुर की गंगोह, अलीगढ़ की इगलास, रामपुर, कानपुर की गोविंदनगर, बहराइच की बलहा , प्रतापगढ़, मऊ की घोसी और अंबेडकरनगर की जलालपुर विधानसभा सीट हैं। 

बहरहाल, अक्टूबर में दीवाली और चुनाव दोनों ही है। ऐसे में देखना ये होगा कि कौन-सी पार्टी की दीवाली मनेगी।