15 अगस्त को देश आजादी का 79वां स्वतंत्रता दिवस सेलिब्रेट करेगा। इस मौके पर पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के साथ ही सेना के शौर्य से जुड़ी कई नई चीजें देखने को मिलेंगी। जानते हैं इस बार क्या-क्या होगा खास?  

Independence Day Special: 15 अगस्त को हमें आजादी मिले 78 साल पूरे हो रहे हैं। इस मौके पर पूरा राष्ट्र 79वें स्वतंत्रता दिवस को धूमधाम के साथ मनाएगा। पीएम मोदी लगातार 12वीं बार दिल्ली स्थित लाल किले पर तिरंगा फहराते हुए देश के नाम अपना संबोधन देंगे। उनके इस भाषण में कई चीजें खास होने वाली है। खासकर पाकिस्तान के खिलाफ भारत के ऑपरेशन सिंदूर और सेना के शौर्य का जिक्र होगा। इसके अलावा भी कई बातें ऐसी होंगी, जो पहली बार देखने को मिलेंगी। आइए जानते हैं इस स्वतंत्रता दिवस क्या-क्या होगा खास?

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इस स्वतंत्रता दिवस की थीम क्या? (Independence Day 2025 Theme)

सरकार ने 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की थीम 'नया भारत' रखी है। यह विषय 2047 तक एक समृद्ध, सुरक्षित और स्वतंत्र देश बनाने के भारत के लक्ष्य का प्रतिनिधित्व करता है। साथ ही ये सरकार के विकसित भारत दृष्टिकोण को भी आगे बढ़ाता है।

ये भी देखें : स्वतंत्रता दिवस 2025 परेड: कब शुरू होगा कार्यक्रम, कहां देख सकते हैं लाइव?

11 अग्निवीर पहली बार बनेंगे म्यूजीशियन बैंड का हिस्सा

2025 में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पहली बार 11 अग्निवीर म्यूजीशियनों का दल उस बैंड का हिस्सा बनेगा, जो राष्ट्रगान बजाएगा। इसके बाद पीएम मोदी राष्ट्र को संबोधित करेंगे। उनके संबोधन में ऑपरेशन सिंदूर और सेना के शौर्य की चर्चा होगी।

तिरंगा फहराते समय 128 जवान देंगे सलामी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे तो उस वक्त 128 जवान उन्हें सलामी देंगे। राष्ट्रीय ध्वजरक्षक दल में आर्मी, एयरफोर्स, नेवी और दिल्ली पुलिस के एक-एक अफसर और 32 अन्य रैंक के कर्मचारी शामिल होंगे।

21 तोपों की सलामी

इस स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 1721 फील्ड बैटरी (सेरेमोनियल) की ओर से 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। इस सेरेमोनियल की कमान मेजर पवन सिंह शेखावत संभालेंगे। इस बार आजादी के पर्व पर ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी का उत्सव होगा।

ऑपरेशन सिंदूर का दिखेगा जलवा

स्वतंत्रता दिवस पर इस बार पाकिस्तान के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की थीम देखने को मिलेगी। ज्ञानपथ पर ऑपरेशन सिंदूर के लोगो को खास फूलों की सजावट से डेकोरेट किया जाएगा। इसके अलावा इन्विटेशन कार्ड पर भी ऑपरेशन सिंदूर का लोगों रहेगा।

चिनाब ब्रिज का वॉटरमार्क देगा नए भारत का संदेश

इस बार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भेजे जाने वाले इन्विटेशन कार्ड पर जम्मू-कश्मीर में बने चिनाब ब्रिज का वॉटरमार्क भी है। ये नए भारत के निर्माण का संदेश देता है।

50 स्वच्छताकर्मियों का सम्मान

इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह यानी 15 अगस्त के दिन दिल्ली के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 50 स्वच्छता कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, प्रत्येक क्षेत्रीय कार्यालय को अपने-अपने क्षेत्रों से पांच सफाई कर्मचारियों, जिनमें दो पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं, के नाम रक्षा मंत्रालय को भेजने का निर्देश दिया गया है। इनमें उनकी पत्नियां भी शामिल होंगी।

ये भी पढ़ें : राष्ट्रपति मुर्मु आज स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को करेंगी संबोधित, इन भाषाओं में होगा प्रसारित