कर्नाटक में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ रहने के लिए अपने पति, बच्चों और ससुराल वालों को जहर दे दिया। गनीमत रही कि सभी की जान बच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार प्रेमी की तलाश में जुटी है।

Karnataka Crime News: कर्नाटक के हासन जिले के एक गांव में रहने वाली 33 साल की महिला ने अपने अवैध संबंध के चलते पूरे परिवार को खत्म करने की कोशिश की। उसने दो बच्चों, पति और ससुराल के लोगों को जहर दे दिया। वह बिना किसी रोकटोक के अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती थी।

आरोपी महिला की पहचान चैत्रा के रूप में हुई है। उसने परिवार के सभी लोगों को खाने में जहर मिलाकर दे दिया। यह मामला 5 जून का है। पति को उसके व्यवहार पर शक हुआ। मोबाइल फोन खोजते समय अनजाने में उसके बैग में आपत्तिजनक सामग्री मिल गई।

इलाज के बाद बच गई सभी की जान

महिला के पति, उनके 8 और 10 साल के दो बच्चे और उसके ससुराल वालों को बीमार होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। गनीमत रही कि सभी बच गए। उनका इलाज चल रहा है। वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

महिला का प्रेमी फरार, पुलिस कर रही तलाश

हसन जिले के एसपी मोहम्मद सुजीता एमएस ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि खाने में जहर मिलाया गया था। चैत्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके प्रेमी शिवू को पकड़ने के लिए एक टीम बनाई गई है। वह फरार है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पता लगा रही है कि शिवू महिला द्वारा अपने परिवार को जहर देने की साजिश में किस हद तक शामिल था। महिला को जहर कहां से मिला? क्या शिवू ने उसे जहर लाकर दिया था।