कर्नाटक में एक बेटे ने अपनी मां को तांत्रिक के पास ले जाकर भूत भगाने के नाम पर पिटवाया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बेटे समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

Karnataka Crime: कर्नाटक में एक 55 साल की महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप लगाया गया कि महिला पर बुरी आत्मा ने कब्जा कर लिया है। उसके सगे बेटे ने बड़ा पाप किया। वह अपनी मां को तांत्रिक के पास ले गया। तांत्रिक ने भूत भगाने के नाम पर महिला को इतना पीटा कि उसकी जान चली गई।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

घटना सोमवार रात शिवमोगा जिले में हुई। महिला के बेटे संजय और उन दो लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है, जिन्होंने आत्मा को भगाने का दावा किया था। मृतक महिला गीताम्मा के बेटे संजय को लगा था कि उसकी मां पर भूत सवार है। उसने आशा नाम की एक महिला से संपर्क किया। आशा ने दावा किया कि वह भूत भगाने के लिए अनुष्ठान करती है। आशा अपने पति संतोष के साथ गीताम्मा के घर गई और भूत भगाने की रस्म शुरू की।

महिला तांत्रिक ने 55 साल की गीताम्मा को पीटा

सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में खुले बालों वाली गीताम्मा को आधी बेहोशी की स्थिति में फर्श पर बैठे देखा जा सकता है। दूसरी महिला (आशा) गीताम्मा के सिर के चारों ओर नींबू घुमाती है, उसे सुंघाती है और फिर उसी नींबू से उसके सिर पर वार करती है।

Scroll to load tweet…

आशा नींबू को दो हिस्सों में तोड़ती है और उसे गीताम्मा के बालों पर पटकती है और फिर उसके सिर पर रगड़कर पटक देती है। वह यही प्रक्रिया दूसरे हिस्से के साथ भी दोहराती है। खुद को भूत भगाने वाला बताने वाला संतोष गीताम्मा के बाल पकड़कर खींचता है और उसे चार बार थप्पड़ मारता है। इससे महिला जमीन पर गिर जाती है। फिर आशा एक छड़ी उठाती है और बुजुर्ग महिला पर लगातार वार करती है। वह खुद को पिटाई से बचाने की कोशिशें करती है, लेकिन बच नहीं पाती।

कैमरे में रिकॉर्ड किया गया हमला रात करीब 9:30 बजे शुरू हुआ। बताया जाता है कि रात 1:00 बजे तक महिला की पिटाई की गई। लगातार पीटे जाने से महिला की स्थिति खराब हो गई। उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया और तीन आरोपियों (संजय, आशा और संतोष) को गिरफ्तार कर लिया।