लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2024) से पहले भाजपा ने बिहार, राजस्थान, दिल्ली और ओडिशा में नेतृत्व परिवर्तन किया है। संजय जायसवाल की जगह सम्राट चौधरी को बिहार भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया है। सीपी जोशी को राजस्थान भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया है। 

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 (Lok Sabha Election 2024) से पहले भाजपा ने पार्टी में बड़ा बदलाव किया है। बीजेपी ने दिल्ली, बिहार और राजस्थान में नेतृत्व परिवर्तन किया है। गुरुवार को लोकसभा सांसद सीपी जोशी को राजस्थान और MLC सम्राट चौधरी को बिहार का अध्यक्ष बनाया गया। वहीं, दिल्ली भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को राज्य इकाई प्रमुख नियुक्त किया गया है। सचदेवा को आदेश गुप्ता को पद से हटाए जाने के बाद कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। पार्टी नेतृत्व उनके काम से प्रभावित है, जिसके चलते उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बिहार में संजय जायसवाल की जगह बिहार विधान परिषद में विपक्ष के नेता सम्राट चौधरी को बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। राजस्थान में सीपी जोशी सतीश पूनिया की जगह लेंगे। पूनिया जयपुर के अंबर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक हैं। मनमोहन सामल को ओडिशा भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वह पूर्व मंत्री हैं। पूर्व सांसद मनमोहन सामल ओडिशा से बीजेपी के जाने-माने चेहरों में से एक हैं। वह अपने पूर्ववर्ती समीर मोहंती की तुलना में अधिक ताकतवर माने जाते हैं। उन्होंने पहले भी राज्य भाजपा का नेतृत्व किया है।

2018 में भाजपा में शामिल हुए थे सम्राट चौधरी
54 साल के सम्राट चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर बीजेपी ने बिहार के ओबीसी वोट बैंक में अपना हिस्सा बढ़ाने की कोशिश की है। सम्राट चौधरी 2018 में भाजपा में शामिल हुए थे। इसके बाद पार्टी में तेजी से उनका कद बढ़ा है। वह कुशवाहा समाज से आते हैं।

यह भी पढ़ें- मोदी सरनेम केस में राहुल गांधी को 2 साल की सजा, मानहानी मामले में जमानत भी मिली

दूसरी बार सांसद बने हैं जोशी
राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष 47 साल के जोशी ब्राह्मण चेहरा हैं। वह चित्तौड़गढ़ लोकसभा सीट से दूसरी बार सांसद बने हैं। राजस्थान भाजपा के अनुभवी नेता गुलाब चंद कटारिया की तरह पूनिया के भी पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के साथ अच्छे संबंध नहीं थे। वसुंधरा राजे राजस्थान में भाजपा की सबसे मजबूत नेता हैं।

यह भी पढ़ें- भाई राहुल गांधी को सजा मिली तो बोलीं प्रियंका- आवाज दबाने की हो रही कोशिश, वह नहीं डरेंगे