भीषण गर्मी के चलते मतदाता वोट डालने के लिए कम निकल रहे हैं। दूसरे चरण में 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के 88 लोकसभा क्षेत्रों में 64.7% मतदान हुआ।

नई दिल्ली। देश में लोकसभा चुनाव 2024 चल रहे हैं। भीषण गर्मी ने नेताओं की परेशानी बढ़ा दी है। अभी तक दो चरण के मतदान हुए हैं। तेज गर्मी के चलते मतदाता वोट डालने के लिए कम निकल रहे हैं। इससे नेताओं को परेशानी हो रही है कि उनके वोटर तो कहीं घर में नहीं रह रहे हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

शुक्रवार को दूसरे चरण में 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के 88 लोकसभा क्षेत्रों में 64.7% मतदान हुआ। मतदान काफी हद तक शांतिपूर्ण रहा। बिहार, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर रहा है। इसका असर मतदान प्रतिशत पर भी दिखा है। शुक्रवार को जिन 88 सीटों पर चुनाव हुआ उनमें से 81 सीटों पर 2019 के चुनाव में 69.4% मतदान हुआ था।

उत्तर प्रदेश में सबसे कम 54.9% मतदान
2019 के आंकड़े में असम की पांच सीटें और जम्मू-कश्मीर की जम्मू सीट शामिल नहीं है। इसपर शुक्रवार को मतदान हुआ था। इसके साथ ही बाहरी मणिपुर सीट पर भी मतदान हुआ। चुनाव आयोग के अनुसार दूसरे फेज में 64.7% मतदान हुआ है। त्रिपुरा में सबसे अधिक 79.5% मतदान हुआ। दूसरे नंबर पर मणिपुर रहा जहां 78% मतदान हुआ। उत्तर प्रदेश में सबसे कम 54.9% मतदान हुआ।

दूसरे फेज में अधिकांश राज्यों में 2019 की तुलना में कम मतदान हुआ। केरल के सभी 20 सीटों पर चुनाव हुआ। यहां 2019 में 77.8% मतदान हुआ था। 2024 में 66.2% मतदान हुआ। इस तरह मतदान प्रतिशत में 11.6 प्रतिशत अंक की गिरावट हुई।

मध्य प्रदेश की छह सीटों पर मतदान में 9 फीसदी गिरावट
दूसरे चरण में मतदान करने वाली मध्य प्रदेश की छह सीटों पर मतदान में 9 प्रतिशत अंक की गिरावट आई। पश्चिम बंगाल (तीन सीटें) और उत्तर प्रदेश (आठ सीटें) में 2019 की तुलना में क्रमशः 8.9 और 7.4 प्रतिशत अंक की गिरावट आई। बिहार के पांच सीटों पर चुनाव हुए। यहां 2019 में 62.9% मतदान हुआ था। 2024 में 57.1% मतदान हुआ। कर्नाटक के 28 में 14 सीटों पर दूसरे चरण में चुनाव हुआ। यहां 68.4 फीसदी मतदान हुआ। 2019 में यहां 69 फीसदी मतदान हुआ था। इस तरह कर्नाटक में सबसे कम 0.6% गिरावट आई है।

यह भी पढ़ें- गर्मी ने किया बंटाधार, बेंगलुरु में आधे लोगों ने नहीं दिया वोट, जानें कैसा रहा मतदान का हाल?

दूसरे फेज का चुनाव होने के बाद अब तक लोकसभा के 543 में से 189 सीटों पर मतदान हो गया है। शुक्रवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान हुआ। इस दौरान मतदाताओं ने राहुल गांधी, शशि थरूर, राजीव चंद्रशेखर, अरुण गोविल, ओम बिरला, हेमा मालिनी, गजेंद्र सिंह शेखावत और एचडी कुमारस्वामी समेत कई बड़े नेताओं के राजनीतिक भाग्य का फैसला किया।

यह भी पढ़ें- तेजस्वी सूर्या पर धर्म के आधार पर वोट मांगने के मामले में FIR, चुनाव आयोग ने वीडियो पोस्ट के आधार पर किया केस