06:58 PM (IST) Aug 09
मणिपुर हिंसा में मारे गए 107 लोग- अमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने लोकसभा में मणिपुर हिंसा पर बात करते हुए कहा कि हिंसा में 107 लोग मारे गए हैं। जून में 30 लोग मारे गए, जुलाई में 15 लोग। वहीं मई में मारे गए 107 लोगों में से 68 लोग 3, 4 और 5 मई की हिंसा में मारे गए। राज्य में हालात सुधर रहे हैं तो हमें आग में घी डालने का काम नहीं करना चाहिए।

 

06:50 PM (IST) Aug 09
विपक्ष पर जमकर बरसे अमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर सीधा आरोप लगाया कि विपक्ष कभी भी मणिपुर हिंसा पर बात ही नहीं करना चाहता था। उन्होंने सिर्फ हंगामा किया। हमें देश के 130 करोड़ लोगों ने चुना है, इसलिए विपक्ष हमें चुप नहीं करा सकता है। अमित शाह ने कहा कि मैं जवाब देने के लिए तैयार हूं। यह मेरा कर्तव्य है। मैं देश, संसद और विपक्ष के प्रति जवाबदेह हूं लेकिन विपक्ष मुझे बोलने नहीं देता। यह कैसा लोकतंत्र है।

06:46 PM (IST) Aug 09
अमित शाह ने कहा- छत्तीसगढ़ में 3 जिले तक सिमटे नक्सली

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि आतंकवाद और नक्सवाद पर रोक लगाने के लिए मोदी सरकार ने कई कदम उठाए हैं। गृहमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सिर्फ 3 जिलों तक ही नक्सलवाद सिमट कर रह गया है।

 

06:41 PM (IST) Aug 09
मणिपुर हिंसा पर चर्चा को तैयार थी सरकार- अमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि केंद्र सरकार पहले ही दिन से मणिपुर हिंसा पर चर्चा के लिए तैयार थी। मैं मानता हूं कि मणिपुर में हिंसा की घटनाएं हुईं और कोई भी ऐसी घटनाओं का समर्थन नहीं कर सकता लेकिन इस पर राजनीति करना शर्मनाक है।

06:31 PM (IST) Aug 09
नेहरू सरकार की भूल थी धारा-370- अमित शाह

लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि धारा-370 पूर्व की जवाहर लाल नेहरू सरकार की भूल थी। उनकी गलत नीति का परिणाम था। पीएम मोदी ने जम्मू कश्मीर को भारत में पूरी तरह से विलय करने का ऐतिहासिक फैसला लिया।

06:16 PM (IST) Aug 09
तहव्वुर राणा को लाया जाएगा भारत- अमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि हमने देश में पीएफआई पर प्रतिबंध लगाया है और 90 से अधिक जगहों पर छापे मारे गए। लंदन, ओटावा और सैन फ्रांसिस्को में हमारे दूतावासों पर हमलों से संबंधित मामले में एनआईए को सौंपे गए हैं। साथ ही मुंबई हनमलों के आरोपो तहव्वुर हुसैन राणा को जल्द ही भारत की न्यायपालिका का सामना करना पड़ेगा।

06:09 PM (IST) Aug 09
कश्मीर को आतंकवाद मुक्त बना रहे- अमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि हमारी नीतियों के कारण ही 2014 के बाद से कश्मीर की स्थिति में बदलाव हुआ है। हमने कश्मीर को आतंकवाद मुक्त बनाने की दिशा में काम किया है। उन्होंने कहा कि इस देश के किसानों को बताना चाहता हूं कि अगर कोई सरकार है जिसने एमएसपी पर सबसे ज्यादा चावल खरीदा है तो वह मोदी सरकार है।

06:06 PM (IST) Aug 09
सिर्फ घाटी के युवाओं से करेंगे बात- अमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कश्मीर मुद्दे पर कहा कि हम ना हुरियत-ना जमियत और ना पाकिस्तान से चर्चा करेंगे। सिर्फ घाटी के युवाओं से ही बात करेंगे। शाह ने यह भी कहा कि हमने लखनपुर टोल टैक्स को समाप्त कर दिया है, जहां पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी को गिरफ्तार किया गया था।

 

06:03 PM (IST) Aug 09
गरीबों तक पहुंचती हैं हर योजनाएं- अमित शाह

लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री कहते थे कि केंद्र से 1 रुपए चलते हैं तो गरीबों तक 15 पैसा पहुंचता है। लेकिन मोदी सरकार के कार्यकाल में पूरी की पूरी राशि सीधे गरीबों के खाते में ट्रांसफर होती है।

06:01 PM (IST) Aug 09
अविश्वास प्रस्ताव से देश विपक्ष का असली चेहरा देखेगा- अमित शाह

अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान अमित शाह ने कहा कि यह अविश्वास प्रस्ताव ऐसा है कि इससे देश के लोग विपक्ष का असली चेहरा देखेंगे। देश के लोगों को पीएम मोदी में कोई अविश्वास नहीं है लेकिन यह भ्रम पैदा करने का काम विपक्ष के लोग कर रहे हैं।

05:59 PM (IST) Aug 09
मोदी सरकार पर लोगों का विश्वास- शाह

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि आजादी के बाद पीएम मोदी की ही सरकार ऐसी है, जिस पर भारतीयों को भरोसा है। पीएम मोदी जनता के बीच लोकप्रिय नेता हैं। वे कभी छुट्टी नहीं लेते और 17 घंटे काम करते हैं। लोगों का विश्वास पीएम मोदी के साथ जुड़ा है।

05:55 PM (IST) Aug 09
अमित शाह बोले- मोदी सरकार ने दी देशवासियों को वैक्सीन

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार ने कोरोना काल में देशवासियों को कोविड वैक्सीन दी। देश के 130 करोड़ लोगों को मुफ्त में वैक्सीन देकर जान बचाने का काम केंद्र की मोदी सरकार ने किया है।

05:52 PM (IST) Aug 09
अमित शाह के निशाने पर राहुल गांधी

लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव के बहस के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि सदन में एक नेता को 13 बार लांच किया गया लेकिन हर बार वह फेल हो जाते हैं। अमित शाह ने राहुल गांधी पर यह निशाना साधते हुए कहा है।

04:49 PM (IST) Aug 09
केंद्रीय मंत्री ने क्या जवाब दिया

फारुख अब्दुल्ला के सवाल पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि सदन को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। यह नहीं कहा जा सकता है कि हमने कश्मीरी हिंदुओं के लिए कुछ भी नहीं किया है।

04:48 PM (IST) Aug 09
फारुख अब्दुल्ला को मिला जवाब

लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव के दौरान फारुख अब्दुल्ला ने पूछा कि सरकार ने कितने कश्मीरी पंडितों को वापस लाने का काम किया है। फारुख ने कहा कि हमें भारतीय होने पर गर्व है और यह नहीं कहना चाहिए कि हम पाकिस्तानी हैं।

04:43 PM (IST) Aug 09
क्या बोले कार्ति चिदंबरम

कांग्रेस नेता कार्ति चिदंबरम ने कहा कि राहुल गांधी ने मणिपुर के बारे में सरकार से कई सवाल पूछे हैं लेकिन सरकार उन सवालों का जवाब नहीं दे रही है। यह भाजपा की पुरानी रणनीति है। जब भी उनसे तीखे सवाल होते हैं तो वे दूसरे मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश करते हैं।

 

01:54 PM (IST) Aug 09
स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को दिया करारा जवाब

केंद्रीय मंत्री और बीजेपी सांसद स्मृति ईरानी ने लोकसभा में राहुल गांधी को करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा, "देश के संसदीय इतिहास में आज तक भारत मां की हत्या की बात करने वाले कभी भी बैठकर मेज नहीं थपथपाते। कांग्रेसियों ने बैठकर मां की हत्या के लिए मेज थपथपाई है।"

 

01:46 PM (IST) Aug 09
मणिपुर में हुई हिन्दुस्तान की हत्या: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा- “इन्होंने मणिपुर में हिन्दुस्तान की हत्या की है। इनकी राजनीति ने मणिपुर को नहीं, हिन्दुस्तान को मणिपुर में मारा है।”

01:00 PM (IST) Aug 09
राहुल गांधी बोले- दो भाग में बंट गया मणिपुर

राहुल गांधी ने कहा, "कुछ दिन पहले मैं मणिपुर गया। हमारे प्रधानमंत्री आज तक नहीं गए। क्योंकि उनके लिए मणिपुर हिन्दुस्तान नहीं है। मैंने मणिपुर शब्द इस्तेमाल किया, लेकिन आज की सच्चाई यह है कि मणिपुर नहीं बचा है। मणिपुर को आपने दो भाग में बांट दिया है।"

12:33 PM (IST) Aug 09
राहुल गांधी ने स्पीकर से मांगी माफी

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "स्पीकर महोदय, सबसे पहले मैं आपका धन्यवाद करना चाहता हूं कि आपने मुझे लोकसभा में बहाल किया। पिछली बार जब मैं बोला तो शायद मैंने आपको थोड़ा कष्ट भी पहुंचाया। क्योंकि मैंने इतनी जोड़ों से अडानी जी पर फोकस किया, जिससे आपके सीनियर नेता को थोड़ा कष्ट हुआ। उनको जो कष्ट हुआ उसका शायद थोड़ा असर आप पर भी हुआ। इसके लिए मैं आपसे माफी मांगता हूं। मैंने सिर्फ सच्चाई रखी थी। आज बीजेपी के मेरे मित्रों को डरने की जरूरत नहीं है।"