09:13 AM (IST) Aug 15
छात्रों के पास गए नरेंद्र मोदी

लाल किला से लौटते वक्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों के पास गए। उन्होंने देशभर से आए छात्रों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। इस दौरान पीएम ने कई छात्रों से बात की। वह NCC कैडेट्स के पास भी गए।

 

09:08 AM (IST) Aug 15
पीएम मोदी का भाषण खत्म

पीएम मोदी का भाषण खत्म हो गया है। उन्होंने अपने संबोधन में नए भारत का विजन रखा। पीएम ने मणिपुर के लोगों के जख्मों पर मरहम लगाया। इसके साथ यही यह भी कहा कि अगले साल फिर लाल किले पर देश की उपलब्धियां गिनाऊंगा। इस बार पीएम ने अपने संबोधन में बार-बार मेरे परिवारजनों कहा।

 

08:59 AM (IST) Aug 15
आने वाले 5 साल अभूतपूर्व विकास के हैं

नरेंद्र मोदी ने कहा कि आने वाले 5 साल अभूतपूर्व विकास के हैं। अगली बार 15 अगस्त को इसी लाल किले से मैं देश की उपलब्धियों का गौरवगान और भी अधिक आत्मविश्वास से पेश करूंगा। मैं आपके साथ हूं, आपके बीच से निकला हूं, आपके लिए जीता हूं, सपना भी आता है तो आपके लिए आता है। मुझे पसीना भी आता है तो आपके लिए। मेरे लिए आप मेरे परिवार हैं।

 

08:49 AM (IST) Aug 15
भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण से लड़ना होगा

पीएम ने कहा कुछ सच्चाइयों को स्वीकार करना होगा। मैं लाल किले से देश के लोगों से इसके लिए निवेदन करता हूं। आजादी के अमृत काल में 2047 में देश जब आजादी के 100 साल मनाएगा तब भारत का झंडा विकसित भारत का झंडा होना चाहिए। हमें रुकना नहीं है। इसके लिए सुचिता, पारदर्शिता और निष्पक्षता को बढ़ावा देना होगा।

कुछ विकृतियां हमारे समाज व्यवस्था में ऐसे घर कर गईं हैं कि कई बार तो हम आंख बंद कर देते हैं। हमें तीन बुराइयों (भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण) से लड़ना है। भ्रष्टाचार ने दीमक की तरह देश के सामर्थ्य को नोंच लिया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ हर क्षेत्र में लड़ना होगा। हमारे देश को परिवारवाद ने जकड़ा है लोगों का हक छीना है। तुष्टिकरण ने देश के मूलभूत चिंतन को दाग लगा दिया है।

08:43 AM (IST) Aug 15
विश्व मित्र के रूप में बनी भारत की पहचान

नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भारत की पहचान विश्व मित्र के रूप में बनी है। हम विश्व मंगल की बात करते हैं। हमने वन सन, वन अर्थ, वन ग्रीड की बात की है। भारत विश्व मंगल की मजबूत नींव डाल रहा है।

 

08:41 AM (IST) Aug 15
देश के पहले गांव हैं सीमा पर मौजूद गांव

पीएम ने कहा कि सीमा से लगे गांवों के लिए वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम शुरू किया है। सीमा पर नजर आ रहा गांव देश का आखिरी नहीं, पहला गांव है। ऐसे 600 गांव के प्रधान आज लाल किला आए हैं।

 

08:36 AM (IST) Aug 15
गांव की महिलाएं उड़ाएंगी ड्रोन

मोदी ने कहा कि मेरा सपना है 2 करोड़ लखपति दीदी बनाने का। हम नई योजना सोच रहे हैं। इसलिए महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को हम ड्रोन चलाने और रिपेयर करने की ट्रेनिंग देंगे। सरकार महिलाओं को ड्रोन देगी। शुरुआत हम 15 हजार महिला स्वयं सहायता समूह से करेंगे। इन ड्रोन का इस्तेमाल कृषि क्षेत्र में होगा।

 

08:33 AM (IST) Aug 15
देश की बेटियों पर जुल्म नहीं हो यह सबका दायित्व

नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत माता का कोई भूभाग कमजोर रहे तो उसे विकसित नहीं माना जाएगा। इसलिए समग्र विकास की दिशा में हम बढ़ रहे हैं। मेरे देश की बेटियों पर जुल्म नहीं हो यह हम सबका दायित्व है।

 

08:29 AM (IST) Aug 15
एकता के मंत्र को लेकर चलना है

पीएम ने कहा कि आने वाले 25 साल हम एकता के मंत्र को लेकर चलें। हर पल देश को जोड़ने का प्रयास मेरी तरफ से होता रहेगा। अगर 2047 में हमें हमारे देश को विकसित भारत के रूप में देखना है तो हमें श्रेष्ठ भारत के रूप में काम करना होगा। हमारा प्रोडक्ट सबसे बेहतर होनी चाहिए।

 

08:26 AM (IST) Aug 15
देश की सैन्य क्षमता बढ़ी है

पीएम ने कहा कि देश की सैन्य क्षमता बढ़ी है। सेना आधुनिक बने इसके लिए रिफॉर्म हो रहा है। आए दिन हम सुना करते थे कि यहां धमाका हो रहा है वहां धमाका हो रहा है। आज देश सुरक्षा की अनुभूति कर रहा है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी बहुत बड़े बदलाव आए हैं।

08:24 AM (IST) Aug 15
6जी की तैयारी कर रहे हैं

पीएम मोदी ने कहा कि भारत में 6जी लाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए टास्कफोर्स बनाया गया है। 5जी का विस्तार गांव-गांव तक हो रहा है। मोदी ने समय से पहले नई संसद बना दिया। यह नया भारत है। ये न रुकता है, न थकता है, न हांफता है, न ही हारता है।

 

08:20 AM (IST) Aug 15
महंगाई कम करने की दिशा में उठाएंगे कदम

पीएम ने कहा कि पूरी दुनिया को महंगाई ने जकड़ रखा है। महंगाई कम करने की दिशा में हम कदम उठा रहे हैं। आज देश अनेक क्षमताओं को लेकर आगे बढ़ रहा है। स्पेस से लेकर डीप सी तक हर क्षेत्र में देश आगे बढ़ रहा है।

 

08:18 AM (IST) Aug 15
देश पांच साल में दुनिया की तीसरी बड़ी इकोनॉमी होगा

नरेंद्र मोदी ने कहा कि जन औषधि केंदों की संख्या को 10 हजार से बढ़ाकर 25 हजार किया जाएगा। आने वाले पांच साल में देश पहले तीन वैश्विक इकोनॉमी में जगह लेगा। यह मोदी की गांरटी है। शहरों में रहने वाले ऐसे लोग जो कर्ज लेकर घर बनाते हैं। सरकार ब्याज कम कर उनकी मदद करेगी।

 

08:14 AM (IST) Aug 15
लॉन्च होगी विश्वकर्मा योजना

पीएम ने कहा कि कामगारों और कारीगरों के लाभ के लिए हम आने वाले विश्वकर्मा जयंती पर विश्वकर्मा योजना लॉन्च करेंगे। 13-15 हजार करोड़ से उसकी शुरुआत होगी।

 

08:03 AM (IST) Aug 15
चाहिए स्थिर और बहुमत वाली सरकार

देश को आगे ले जाने के लिए स्थिर और बहुमत वाली सरकार चाहिए। देश के पास आज ऐसी सरकार है जो विकास के लिए समय का पल-पल और जनता की पाई-पाई लगा रही है। हमारे लिए राष्ट्र प्रथम है। देश में बड़े स्तर पर काम हो रहा है। 2014 में आपने मजबूत सरकार बनाई। आपने 2014 और 2019 में सरकार फॉर्म की तो मोदी में रिफॉर्म करने की हिम्मत आई।

 

08:01 AM (IST) Aug 15
कोरोना काल के बाद बदल रहा वर्ल्ड ऑर्डर

पीएम ने कहा कि कोरोना काल के बाद वर्ल्ड ऑर्डर बदल रहा है। भारत का असर बढ़ रहा है। कोरोना काल में दुनिया ने भारत का सामर्थ्य देखा है। आज भारत ग्लोबल साउथ की आवाज बन रहा है। ग्लोबल सप्लाई चैन और ग्लोबल इकोनॉमी में भारत की हिस्सेदारी बढ़ी है। भारत दुनिया में स्थिरता की गारंटी लेकर आया है। दुनिया के मन में इसको लेकर कोई शंका नहीं है। अब गेंद हमारे पाले में है। हमें अवसर जाने नहीं देना चाहिए।

 

07:58 AM (IST) Aug 15
दुनिया को है भारत के सामर्थ्य पर भरोसा

नरेंद्र मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय चेतना ऐसा शब्द है जो हमें चिंताओं से मुक्त कर रहा है। आज वो राष्ट्रीय चेतना यह सिद्ध कर रही है भारत का सबसे बड़ा सामर्थ्य भरोसा है। विश्व का भारत के प्रति विश्वास है। ये विश्वास हमारी नीतियों पर है। यह तय है कि भारत का सामर्थ्य और संभावनाएं विश्वास की नई बुलंदियों को पार करने वाली हैं। आज देश को जी 20 समिट की मेहमाननवाजी का अवसर मिला है। इसके अनेक कार्यक्रम हुए हैं। इसने भारत के सामर्थ्य से दुनिया को परिचित कराया है।

 

07:52 AM (IST) Aug 15
युवा शक्ति पर है भरोसा

नरेंद्र मोदी ने कहा कि जो सौभाग्य आज युवाओं को मिला है वो शायद ही किसी को मिला है। युवा शक्ति पर मेरा भरोसा है। युवाओं का सामर्थ्य देश के भाग्य को बदलने वाला है।

 

07:47 AM (IST) Aug 15
अमृत काल में उठाए गए कदम देश का स्वर्णिम काल वापस लाएंगे

पीएम मोदी ने कहा कि यह अमृत काल का पहला वर्ष है। इस कालखंड में हम जो कदम उठाएंगे आने वाले एक हजार साल का देश का स्वर्णिम इतिहास फिर से अंकुरित होने वाला है। भारत मां 140 करोड़ देशवासियों के पुरुषार्थ से जागृत हुई है।

 

07:42 AM (IST) Aug 15
देश मणिपुर के साथ

लाल किला से देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पूर्वोत्तर में विशेषकर मणिपुर में जो हिंसा का दौर चला कई लोगों को अपना जीवन खोना पड़ा। मां-बेटियों के सम्मान के साथ खिलवाड़ हुआ। कुछ दिनों से लगातार शांति की खबरें आ रही हैं। केंद्र और राज्य की सरकार मिलकर समस्याओं के समाधान के लिए भरपूर प्रयास कर रही है और करती रहेगी। देश मणिपुर के साथ है। शांति से ही समस्या का समाधान निकलेगा। पूरा देश मणिपुर के लोगों के साथ खड़ा है।