तेलंगाना में एक महिला ने अपने तीन बच्चों की हत्या कर दी। उसने प्रेमी से शादी करने के लिए यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

Telangana Horror: हैदराबाद के अमीनपुर में 3 बच्चे अपने घर में बेहोशी की हालत में थे। इन बच्चों के साथ उनकी मां को अस्पताल ले जाया गया। अब इस मामले में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। पुलिस ने बुधवार को खुलासा किया कि महिला ने खुद अपने तीन बच्चों की हत्या की। गला दबाकर उन्हें मार डाला। महिला अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी। बच्चे उसकी इच्छा पूरा होने में रोड़ा थे। इस वजह से महिला ने यह खौफनाक कांड किया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

संगारेड्डी जिला के एसपी परितोष पंकज ने बताया कि अपने बच्चों की हत्या करने वाली 30 साल की रजिता और उसके प्रेमी 30 साल के सुरू शिवकुमार को गिरफ्तार किया गया है। रजिता और शिवकुमार एक साथ पढ़ते थे। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

महिला ने अपने बच्चों की हत्या की उनकी उम्र 12, 10 और 8 साल थी। 28 मार्च की सुबह अमीनपुर स्थित अपने घर में तीनों बेहोश मिले थे। उन्हें रजिता के साथ अस्पताल ले जाया गया था। डॉक्टरों ने बच्चों को मृत घोषित कर दिया था।

अपनी शादी से खुश नहीं थी रजिता, छह महीने पहले शिवकुमार के संपर्क में आई

एसपी ने बताया कि रजिता की शादी 2013 में 50 साल के चेन्नियाह से हुई थी। वह अपनी शादी से खुश नहीं थी। पति-पत्नी के बीच झगड़ा होता रहता था। करीब छह महीने पहले रजिता शिवकुमार के संपर्क में आई थी। दोनों क्लास 10 तक साथ पढ़े थे। दोनों के बीच रिश्ता बन गया। उन्होंने शादी करने का फैसला किया था।

शिवकुमार ने रचिता से कहा था- बच्चों को छोड़ दो

शिवकुमार ने रचिता से कहा था कि उसे अपने बच्चों को छोड़ना होगा। इसके बाद रचिता ने अपने बच्चों को मारकर नई जिंदगी शुरू करने की योजना बनाई। उसने 27 मार्च को शाम करीब 6 बजे शिवकुमार को अपने फैसले के बारे में बताया। शिवकुमार ने रचिता का समर्थन किया। इसके बाद रचिता ने एक-एक करके अपने बच्चों को गला घोंटकर मार डाला। गला घोंटने के लिए उसने तौलिये का इस्तेमाल किया।

चेन्नियाह पानी टैंकर ड्राइवर के रूप में काम करता है। वह देर रात घर पहुंचा तो रजिता ने पेट दर्द की शिकायत की। बताया कि रात के खाने में दही चावल खाने के बाद बच्चे बेहोश हो गए। चेन्नियाह और उनके पड़ोसी चारों को अस्पताल ले गए। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद रजिता के दावे झूठे साबित हुए। डॉक्टर ने फूड पॉइजनिंग की बात को खारिज कर दिया। इसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो रजिता ने बच्चों की हत्या की बात बताई।