6 साल बाद फिर चंद्रबाबू नायडू NDA में शामिल होने वाले हैं। उनकी मुलाकात अमित शाह से हुई है। दोनों नेताओं ने सीट शेयरिंग को लेकर बात की है।

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले NDA का कुनबा बढ़ रहा है। गुरुवार को BJD के 15 साल बाद NDA में शामिल होने की खबर सामने आई। वहीं, शुक्रवार को सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली कि 6 साल बाद TDP (Telugu Desam Party) NDA का हिस्सा बनने वाली है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

TDP के प्रमुख और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की मुलाकात गुरुवार को भाजपा नेता और गृह मंत्री अमित शाह से हुई। इसके बाद जानकारी सामने आई कि भाजपा के नेतृत्व वाले NDA से निकलने के छह साल बाद चंद्रबाबू नायडू वापसी कर सकते हैं। चंद्रबाबू नायडू और अमित शाह के बीच मुलाकात के दौरान लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर चर्चा हुई। इस बैठक में भापजा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद थे।

सीट शेयरिंग को लेकर हो रही बात
सूत्रों के अनुसार दोनों पार्टियां गठबंधन करने को लेकर उत्सुक हैं। इसपर अंतिम फैसला सीट शेयरिंग को लेकर समझौता होने के बाद होगा। शुक्रवार को भी अमित शाह और नायडू के बीच मुलाकात हो सकती है। इस दौरान TDP-BJP-जनसेना के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बात हो सकती है। गुरुवार को भी सीट शेयरिंग को लेकर बात हुई थी।

2018 में NDAसे अलग हुई थी TDP

दरअसल, TDP भाजपा के नेतृत्व वाले NDA का हिस्सा थी। 2018 में TDP NDA से अलग हो गई थी। उस वक्त नायडू आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। TDP नेताओं का मानना है कि भाजपा के साथ गठबंधन करना है तो इसमें देर करने से फायदा नहीं है। लोकसभा चुनाव आ गए हैं। ऐसे में इस मामले में जल्द फैसला नहीं हुआ तो चुनाव में नुकसान हो सकता है। पवन कल्याण की जन सेना पहले से एनडीए का सदस्य रही है। इसने पहले ही टीडीपी से हाथ मिला लिया है। वह बीजेपी से भी ऐसा करने का आग्रह कर रही है।

यह भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव 2024: बढ़ने जा रही NDA की ताकत, 15 साल बाद फिर मिलेगा BJD का साथ

इससे पहले इसी साल फरवरी में चंद्रबाबू नायडू अमित शाह और जेपी नड्डा से मिले थे। इसके बाद अटकलें लगाई जा रही थी कि नायडू भाजपा के साथ गठबंधन कर सकते हैं। आंध्र प्रदेश में लोकसभा की 25 और विधानसभा की 175 सीटें हैं। भाजपा 8 से 10 संसदीय सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है।

यह भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव 2024: पश्चिम बंगाल से मोहम्मद शमी को चुनावी मैदान में उतार सकती है भाजपा, दिया ऑफर