चंद्रयान की खास लैंडिंग के मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी जोहानिसबर्ग से देशवासियों को आज संदेश देंगे। देशभर में इस मिशन को लेकर गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश के स्कूलों में शाम को सीधे प्रसारण की व्यवस्था भी की गई है।

नई दिल्ली : आखिर वो पल भी करीब आ गया जिसका देश को इंतजार है। 14 जुलाई, 2023 को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर से लॉन्च चंद्रयान-3 (Chandrayaan 3) करीब 37 दिन बाद लैंडिंग के लिए तैयार है। विक्रम लैंडर के लैंडिंग की प्रक्रिया आज शाम करीब 5.47 बजे से शुरू होकर 6.04 बजे पर पूरी होने की संभावना है। 15 मिनट का यह समय हर किसी की धड़कने बढ़ा देने वाला है। इसको लेकर देशभर में प्रार्थनाओं का दौर जारी है। कहीं हवन-पूजन चल रहा है तो कहीं गंगा आरती कर लोग भगवान से सफल लैंडिंग की प्रार्थना कर रहे हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग को लेकर प्रार्थना

देशभर में इस मिशन की सफलता को लेकर दुआएं मांगी जा रही हैं। काशी में दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की विशेष आरती की गई तो लखनऊ में मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने चंद्रयान 3 की कामयाबी की दुआ मांगी। कहीं मंदिरों में पूजा-पाठ चल रहा है तो कहीं हनुमान चालीसा पढ़ी जा रही है। बाबा काशी विश्वनाथ से भी चंद्रयान की सफलता की प्रार्थना की जा रही है।

विक्रम लैंडर की चांद पर लैंडिंग कैसे होगी

बता दें कि जब विक्रम लैंडर चांद के बेहद करीब होगा, तब उसकी रफ्तार 1.68 मीटर प्रति सेकेंड की रहेगी। इसरो ने बताया कि चंद्रयान-2 मिशन में जो गड़बड़ियां हुई थीं, उन्हें सुधारने के बाद इस मिशन को आगे बढ़ाया गया है। चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग होने के चार घंटे बाद विक्रम लैंडर से प्रज्ञान रोवर निकलकर चांद की सतह का परीक्षण स्टार्ट कर देगा। इसके अलावा प्रज्ञान रोवर इसरो का लोगो और तिरंगे की आकृति के साथ अशोक स्तंभ भी उकेरेगा।

पीएम मोदी सीधे देशवासियों से जुड़ेंगे

यह इतना खास मौका है कि देशभर की निगाहें इस पर टिकी है। ब्रिक्स सम्मेलन के लिए जोहानिसबर्ग पहुंचे पीएम मोदी भी इस खास मौके पर शाम को देशवासियों को संदेश देंगे। मिशन को लेकर हर किसी में उत्साह देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश के स्कूलों में शाम को सीधे प्रसारण की व्यवस्था भी की गई है।

ISRO Chandrayaan 3 Landing LIVE Update