Weather Update: देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और कई राज्यों में भारी से मध्यम बारिश का दौर जारी है। दिल्ली में बादल जमकर बरसने को तैयार हैं, वहीं मुंबई में लगातार बारिश के चलते जलभराव और ट्रैफिक जाम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। 

Weather Update: देश के कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी है। हिमाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश के बाद हालात काफी गंभीर है। राज्य में दो राष्ट्रीय राजमार्गों समेत कुल 385 सड़कें बंद हो गई हैं। मंडी में एनएच-70 पूरी तरह ठप है, जबकि सिरमौर जिले में एनएच-707पर कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण रास्ता बंद हो गया है। इसके कारण लोगों को वहां रह रहे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे, और गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 25 जुलाई को भी दिल्ली में बारिश की संभावना जताई है। तापमान की बात करें तो दिल्ली में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

मुंबई में भारी बारिश से बढ़ी लोगों की मुश्किलें

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भारी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे यातायात बाधित हो गया है। ऑफिस और स्कूल जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कहां-कहां होगी बारिश?

मौसम विभाग और स्काईमेट के अनुसार, कर्नाटक, दक्षिण कोंकण, गोवा, दक्षिण छत्तीसगढ़, तेलंगाना और उत्तर पंजाब के हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। वहीं हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, केरल, उत्तर कोंकण, गोवा और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।

यह भी पढ़ें: उपराष्ट्रपति अगर तेलंगाना के बंदारु दत्तात्रेय बनते तो NDA का सौ खून माफ, सीएम रेवंत रेड्डी का बड़ा दांव

पूर्वोत्तर और अन्य राज्यों में भी सक्रिय मानसून

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड, ओडिशा, झारखंड, मराठवाड़ा, गुजरात क्षेत्र, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में भी हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।