बेंगलुरु में एक 24 वर्षीय विवाहिता की बाथरूम में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। चेहरे पर अजीब निशान मिले हैं, जिससे मामला रहस्यमय बन गया है। पुलिस जांच कर रही है।

बेंगलुरु। बेंगलुरु में 24 साल की विवाहित महिला लक्ष्मी संदिग्ध स्थिति में मृत पाई गई। घटना रविवार की है। महिला का शव बाथरूम में मिला। उसके चेहरे पर अजीब निशान थे। महिला की शादी आंध्र प्रदेश के तिरुमाला के एक व्यवसायी वेंकटरमण से हुई थी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

लक्ष्मी अपने पति वेंकटरमण के साथ शहर के बाहरी इलाके नेलमंगला में एक रिश्तेदार सुहासिनी से मिलने गई थी। घर पहुंचने के बाद लक्ष्मी नहाने चली गई। उसने घर के लोगों को बताया कि थोड़ी देर में बाहर आ जाएगी। काफी समय बात भी वह बाहर नहीं आई तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। बाथरूम से पानी बहने की आवाज भी नहीं आ रही थी।

पति ने तोड़ा बाथरूम का दरवाजा, फर्श पर पड़ी थी पत्नी

वेंकटरमण ने चिंतित होकर बाथरूम का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने दरवाजा तोड़ा तो देखा कि लक्ष्मी फर्श पर पड़ी थी। उसके चेहरे पर निशान थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि उसका शरीर ठंडा था। उसमें जीवन का कोई लक्षण नहीं था। परिवार के लोग लक्ष्मी को आनन-फानन में पास के हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चेहरे पर अजीबोगरीब निशानों से गहरा हुआ रहस्य

नेलमंगला पुलिस मामले की जांच कर रही है। लक्ष्मी के चेहरे पर अजीबोगरीब निशानों के कारण रहस्य गहरा गया है। जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया और घर की तलाशी ली गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए नेलमंगला शवगृह भेज दिया गया। मौत का कोई स्पष्ट कारण पता नहीं चल पाया है।

वेंकटरमण ने कहा, “मैं गहरे सदमे में हूं। हम सभी सुबह 9.30 बजे लिविंग रूम में बातें कर रहे थे, तभी मेरी पत्नी नहाने चली गई। 9.50 बजे मैं उसे देखने गया। दरवाजा अंदर से बंद था। हमने उसे जोर से खोला और उसे अंदर पाया। सब कुछ रहस्य है। हम जांच में पुलिस का सहयोग करेंगे। हम भी मौत का कारण जानना चाहते हैं।”