2027 में कई बड़े त्योहार और छुट्टियां वीकेंड पर पड़ रही हैं। इससे कॉर्पोरेट कर्मचारियों के लॉन्ग वीकेंड कम हो जाएंगे। हालांकि, इसका वास्तविक असर कंपनी की नीतियों और राज्य के नियमों पर निर्भर करेगा।
नई दिल्लीः कर्मचारी नया साल शुरू होने से पहले ही छुट्टियों का कैलेंडर देखते हैं। अगर कोई सरकारी छुट्टी सोमवार या शुक्रवार को पड़ती है, तो लॉन्ग वीकेंड मिलने की उम्मीद बढ़ जाती है। लेकिन 2027 का कैलेंडर इस मामले में थोड़ी निराशा लेकर आ रहा है। अगले साल कई बड़े त्योहार और सार्वजनिक छुट्टियां शनिवार या रविवार को पड़ रही हैं। सोमवार से शुक्रवार तक काम करने वाले कॉर्पोरेट कर्मचारियों को इससे नुकसान होगा, क्योंकि उन्हें मिलने वाली अतिरिक्त छुट्टियां कम हो जाएंगी।
कौन सी छुट्टियां वीकेंड पर पड़ेंगी?
2027 का हॉलिडे कैलेंडर देखें तो मार्च से ही वीकेंड की छुट्टियों का सिलसिला शुरू हो जाएगा। 6 मार्च को महाशिवरात्रि शनिवार को पड़ेगी। 1 मई को महाराष्ट्र दिवस भी शनिवार को ही है।
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस रविवार को पड़ेगा। इसके बाद 4 सितंबर को गणेश चतुर्थी शनिवार को आएगी। अक्टूबर के महीने में भी यही हाल रहेगा। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती और 9 अक्टूबर को दशहरा शनिवार को पड़ेगा।
14 नवंबर को गुरुनानक जयंती रविवार को आएगी, जबकि 25 दिसंबर को क्रिसमस शनिवार को पड़ेगा।
सोशल मीडिया पर शुरू हुई चर्चा
चार्टर्ड अकाउंटेंट धनेश जियानानी ने 2027 की इस हॉलिडे लिस्ट के बारे में एक्स (X) पर एक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने लिखा है कि "2027 कॉर्पोरेट कर्मचारियों के लिए एक कठिन साल होगा।" इस पोस्ट के बाद कर्मचारियों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
कुछ लोगों का कहना है कि त्योहार वीकेंड पर पड़ने के बावजूद कंपनियों की कुल छुट्टियों की संख्या नहीं बदलेगी। वहीं कुछ अन्य लोगों का मानना है कि उनके काम के शेड्यूल के हिसाब से इसका असर अलग-अलग हो सकता है।
तो क्या 2027 में छुट्टियां कम हो जाएंगी?
यह पूरी तरह से कर्मचारी की कंपनी, काम के दिनों और राज्य के छुट्टी के नियमों पर निर्भर करता है। भारत में सभी राज्यों की हॉलिडे लिस्ट एक जैसी नहीं होती है। कुछ छुट्टियां राज्य या संस्था के हिसाब से बदल सकती हैं। इसलिए अपनी कंपनी का आधिकारिक हॉलिडे कैलेंडर चेक करना सबसे सही रहेगा।
कुल मिलाकर, 2027 के कैलेंडर में बड़े त्योहार वीकेंड पर आने से लॉन्ग वीकेंड का इंतजार करने वाले कर्मचारियों को कुछ महीनों में निराशा हो सकती है। हालांकि, बाकी छुट्टियों और कंपनी की लीव पॉलिसी के आधार पर अभी भी छुट्टियां प्लान करने का मौका रहेगा।
