Agra Yamuna River News: आगरा में एक शख्स ने पत्नी से झगड़े के बाद अपनी 11 महीने की बेटी को यमुना नदी में फेंक दिया। उसने अपनी पत्नी को भी पुल से फेंकने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और बच्ची की तलाश जारी है।

Yamuna River Rescue Operation: आगरा में घरेलू विवाद के बाद एक पिता पर अपनी 11 महीने की मासूम बेटी को यमुना नदी में फेंकने का आरोप लगा है। घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर बच्ची की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी रिंकू बाइक से अपनी पत्नी और बेटी के साथ यमुना पुल पर पहुंचा था। वहां किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि रिंकू ने पहले पत्नी को नदी में फेंकने की कोशिश की।

महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचा लिया। इसके बाद लोगों ने कथित तौर पर रिंकू को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।

यमुना में बच्ची की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के दौरान आरोपी ने अपनी 11 महीने की बेटी को यमुना में फेंक दिया। घटना के बाद बच्ची का अभी तक पता नहीं चल सका है। गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटना के पीछे घरेलू विवाद की आशंका है। आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की पूरी परिस्थितियों और आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।