फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 अचानक भीषण टर्बुलेंस में फंस गई। विमान 300 फीट तक नीचे आया, 12 यात्री घायल हुए। वायरल वीडियो ने सुरक्षा को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए।
नई दिल्ली: फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 सोमवार को अचानक भीषण टर्बुलेंस (हवा के तेज झोंकों) की चपेट में आ गई। उड़ान के दौरान विमान को इतने जोरदार झटके लगे कि कई रिपोर्ट्स के अनुसार इसकी ऊंचाई अचानक करीब 300 फीट तक कम हो गई। इस घटना में कम से कम 12 यात्री मामूली रूप से घायल हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि विमान सुरक्षित दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा और सभी यात्री व क्रू सुरक्षित बाहर निकल आए।
सो रहे थे यात्री... तभी अचानक लगा जोरदार झटका
फ्लाइट में मौजूद एक यात्री ने समाचार एजेंसी ANI को बताया कि उड़ान शुरू होने के करीब डेढ़ घंटे बाद अधिकांश यात्री सो रहे थे। तभी विमान को अचानक तेज झटका लगा और वह तेजी से नीचे आया। यात्री के मुताबिक, विमान लगभग दो से तीन मिनट तक लगातार बुरी तरह हिलता रहा। इस दौरान कई लोगों को चोटें आईं और केबिन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वायरल वीडियो ने बढ़ाई चिंता, एयर इंडिया ने क्या कहा?
घटना के बाद सोशल मीडिया पर विमान के अंदर का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में केबिन की छत पर दरारें जैसी स्थिति दिखाई दे रही है, जिन्हें टर्बुलेंस के प्रभाव से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एयर इंडिया ने बयान जारी कर कहा कि फ्लाइट AI2379 के सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं। घायल यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर में प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और मामले की जांच में संबंधित अधिकारियों को पूरा सहयोग दिया जा रहा है।
ये भी पढ़ें… 18 साल का प्रोफेसर! आखिर कैसे नाथन थॉमस ने 306 साल पुराना Guinness World Record तोड़ दिया?
हवा में मच गया कोहराम: 300 फीट अचानक नीचे गिरा प्लेन
- अचानक लगा जोर का झटका: यात्रियों के अनुसार, उड़ान भरने के लगभग डेढ़ घंटे बाद जब अधिकांश लोग सो रहे थे, तभी विमान अचानक हवा में जोर-जोर से हिलने लगा।
- 2-3 मिनट तक थमीं सांसें: प्लेन बिना किसी चेतावनी के अचानक करीब 300 फीट नीचे गिर गया। करीब दो से तीन मिनट तक विमान में अफरा-तफरी का माहौल रहा और यात्री डर के मारे चीखने लगे।
- केबिन की छत में आई दरारें: सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में केबिन की छत टूटी हुई दिख रही है। माना जा रहा है कि झटका इतना तेज था कि यात्रियों के सिर छत से टकराने के कारण ये दरारें पड़ीं।
एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी और एयर इंडिया का बयान
- मेडिकल फैसिलिटी सेंटर में इलाज: दिल्ली उतरते ही घायल 12 यात्रियों को तुरंत एयरपोर्ट पर स्थित मेडिकल सुविधा केंद्र ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
- कंपनी का आश्वासन: एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जा रही है और जांच एजेंसियों का पूरा सहयोग किया जा रहा है।
- कानूनी कार्रवाई की चेतावनी: प्रभावित यात्रियों ने इस खौफनाक अनुभव पर नाराजगी जाहिर करते हुए एयर इंडिया के खिलाफ कानूनी कदम उठाने का दावा किया है।
यात्रियों ने जताई नाराजगी, कानूनी कार्रवाई की बात
कुछ यात्रियों ने दावा किया कि विमान में सवार अधिकांश लोग टर्बुलेंस से प्रभावित हुए। एक यात्री ने एयर इंडिया के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात भी कही। फिलहाल घटना की जांच जारी है।
पहले भी सामने आए हैं ऐसे दिल दहलाने वाले हादसे
यह घटना पिछले साल दिल्ली-श्रीनगर इंडिगो फ्लाइट में आए भीषण टर्बुलेंस की याद दिलाती है, जब ओलावृष्टि के बीच विमान का नोज कोन क्षतिग्रस्त हो गया था। उस समय भी विमान के अंदर से रिकॉर्ड किए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। ताजा घटना ने एक बार फिर खराब मौसम के दौरान उड़ानों की सुरक्षा और टर्बुलेंस से निपटने की तैयारियों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़ें… बिहार-बंगाल में 11 मौतें, देशभर में मानसून का तांडव! बिजली, लैंडस्लाइड और जलभराव से बढ़ीं मुश्किलें


