Aluminium Foil Wi-Fi Trick: क्या Wi-Fi Router के पीछे Aluminium Foil लगाने से इंटरनेट स्पीड बढ़ती है? जानिए वायरल ट्रिक का पूरा सच, कैसे काम करता है सिग्नल रिफ्लेक्शन और बेहतर नेटवर्क के लिए राउटर को कहां रखना सबसे सही होता है।

आज के दौर में इंटरनेट सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जरूरत बन चुका है। घर से काम हो, ऑनलाइन पढ़ाई, ओटीटी स्ट्रीमिंग या गेमिंग—हर चीज मजबूत Wi-Fi नेटवर्क पर निर्भर करती है। ऐसे में जब भी इंटरनेट स्लो होता है, लोग तुरंत कोई न कोई जुगाड़ ढूंढने लगते हैं। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसी ही ट्रिक तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें लोग अपने Wi-Fi Router के पीछे Aluminium Foil यानी एल्युमिनियम फॉयल लगा रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि इससे इंटरनेट की स्पीड बढ़ जाती है और नेटवर्क कवरेज बेहतर हो जाता है। लेकिन सवाल यह है कि क्या यह सच में काम करता है या फिर यह सिर्फ इंटरनेट पर वायरल होने वाला एक नया प्रयोग है?

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

आखिर Wi-Fi Router के पीछे फॉयल लगाने का आइडिया कहां से आया?

असल में Wi-Fi Router चारों दिशाओं में सिग्नल भेजता है। लेकिन हर घर की जरूरत अलग होती है। कई बार यूजर्स चाहते हैं कि सिग्नल किसी खास कमरे या दिशा में ज्यादा मजबूत पहुंचे। यहीं पर एल्युमिनियम फॉयल का इस्तेमाल सामने आता है। एल्युमिनियम एक ऐसी धातु है जो रेडियो और Wi-Fi सिग्नल को Reflect यानी मोड़ने की क्षमता रखती है। अगर इसे सही आकार में राउटर के पीछे लगाया जाए, तो यह कुछ हद तक सिग्नल को एक दिशा में फोकस करने में मदद कर सकता है।

यह भी पढ़ें: Petrol Pump Free Services: पेट्रोल पंप पर मिलती हैं ये 5 मुफ्त सुविधाएं, जानिए क्या?

क्या इससे इंटरनेट की स्पीड बढ़ जाती है?

तकनीकी रूप से देखा जाए तो यह ट्रिक आपके इंटरनेट प्लान की असली स्पीड नहीं बढ़ाती। यानी अगर आपके प्लान में 100 Mbps स्पीड है, तो फॉयल लगाने के बाद वह 200 Mbps नहीं हो जाएगी। हालांकि कुछ मामलों में नेटवर्क स्ट्रेंथ बेहतर महसूस हो सकती है। उदाहरण के लिए, जिस दिशा में सिग्नल कमजोर था, वहां Wi-Fi कवरेज थोड़ा मजबूत हो सकता है। इसका कारण यह है कि फॉयल पीछे की ओर जाने वाले कुछ सिग्नल को आगे की दिशा में मोड़ने की कोशिश करती है।

लोग किस तरह इस्तेमाल कर रहे हैं यह ट्रिक?

सोशल मीडिया वीडियो में अक्सर लोग Router के पीछे आधे गोल आकार में Aluminium Foil लगाते नजर आते हैं। यह आकार किसी डिश एंटीना जैसा बनाया जाता है, ताकि सिग्नल को एक खास दिशा में फोकस किया जा सके। हालांकि विशेषज्ञ मानते हैं कि इसका असर हर घर और हर राउटर में अलग हो सकता है। कई बार गलत तरीके से लगाया गया फॉयल नेटवर्क को बेहतर करने के बजाय बाधित भी कर सकता है।

Finding out if foil actually improves Wifi Speed and Signal Strength? Its gonna be a weird one ;)

बेहतर Wi-Fi के लिए क्या करें?

अगर आपके घर में Wi-Fi सिग्नल कमजोर आता है, तो सिर्फ वायरल ट्रिक्स पर भरोसा करना सही नहीं होगा। कुछ बेसिक बदलाव ज्यादा असरदार साबित हो सकते हैं:

  1. राउटर की सही लोकेशन चुनें: राउटर को हमेशा घर के बीच वाले हिस्से में रखें ताकि सिग्नल हर दिशा में बराबर पहुंच सके।
  2. ऊंची जगह पर रखें: राउटर को जमीन पर रखने के बजाय टेबल, शेल्फ या दीवार के पास ऊंचाई पर रखें। इससे सिग्नल बेहतर फैलते हैं।
  3. बंद जगह से बचें: राउटर को अलमारी, टीवी यूनिट या मोटी दीवारों के बीच रखने से नेटवर्क कमजोर हो सकता है।
  4. जरूरत हो तो Wi-Fi Extender इस्तेमाल करें : अगर घर बड़ा है, तो Wi-Fi Extender या Mesh System ज्यादा बेहतर विकल्प हो सकता है।

क्या यह ट्रिक पूरी तरह गलत है?

ऐसा नहीं है कि Aluminium Foil ट्रिक पूरी तरह फर्जी है। वैज्ञानिक रूप से धातु सिग्नल को Reflect कर सकती है, इसलिए सीमित परिस्थितियों में इसका हल्का असर दिखाई दे सकता है। लेकिन इसे इंटरनेट स्पीड बढ़ाने का जादुई तरीका मानना गलत होगा। असल फर्क आपके इंटरनेट प्लान, राउटर की क्वालिटी, घर की बनावट और नेटवर्क सेटअप से पड़ता है। इसलिए अगर लगातार नेटवर्क की समस्या हो रही है, तो बेहतर होगा कि आप राउटर अपग्रेड करें या इंटरनेट प्रोवाइडर से संपर्क करें।

यह भी पढ़ें: Helmet Expiry Date: क्या आपका हेलमेट अब भी सुरक्षित है? कितने साल में बदल देना चाहिए?