हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस में बड़ा अपडेट है। यूपी पुलिस ने एक ऑपरेशन में दो मुख्य आरोपियों को मार गिराया है। वहीं एक इंस्टाग्राम पोस्ट से हत्या की जिम्मेदारी ली गई थी, जिसकी जांच जारी है।

लखनऊ (उत्तर प्रदेश): हरियाणवी सिंगर और एक्टर अंकित बालियान की हत्या के पीछे गोगी गैंग से जुड़े एक नेटवर्क का हाथ सामने आया है। उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्णा ने सोमवार को बताया कि इस केस के दो मुख्य संदिग्धों को पुलिस ने एक ऑपरेशन में मार गिराया है। DGP ने बताया कि पुलिस ने हत्या में शामिल शूटरों की पहचान करने और इसके पीछे की आपराधिक साजिश और गैंग नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए कई स्पेशल टीमें लगाई थीं।


डीजीपी ने कहा, “जांच में पता चला है कि इस हत्या के पीछे गोगी गैंग से जुड़ा एक नेटवर्क है। 26-27 अगस्त को राहुल उर्फ भोलू शाहपुरी से जुड़े एक इंस्टाग्राम अकाउंट से हत्या की जिम्मेदारी ली गई थी। इस दावे की भी जांच चल रही है।”कृष्णा ने बताया कि बालियान शामली कोतवाली इलाके के लाला पत्री एरिया में एक जिम से बाहर आ रहे थे, तभी चार हथियारबंद बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं और उनकी हत्या कर दी।

7 ASP और 4 डीएसपी कर रहे जांच

डीजीपी ने कहा, “मृतक के पिता की शिकायत पर चार अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।” "घटना की गंभीरता को देखते हुए एडीजी मेरठ जोन, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर और एडीजी एसटीएफ की अगुवाई में केस को सुलझाने के लिए कई टीमें बनाई गईं। जांच के लिए 11 सीनियर पुलिस अफसरों की स्पेशल टीमें बनाई गईं, जिनमें सात एडिशनल एसपी और चार डिप्टी एसपी के साथ कई इंस्पेक्टर शामिल थे।

पुलिस ऐसे पहुंची शूटरों के पास

  • डीजीपी ने कहा, "पुलिस की प्राथमिकता साफ थी: हत्या में सीधे तौर पर शामिल शार्पशूटरों को पहचानना और गिरफ्तार करना, और उनके पीछे काम कर रहे पूरे आपराधिक नेटवर्क का भंडाफोड़ करना।"
  • कृष्णा ने बताया कि पुलिस ने ह्यूमन और टेक्निकल इंटेलिजेंस, सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल सबूतों, आरोपियों की गतिविधियों और उनके रुकने की जगहों के रिकॉर्ड के जरिए लगातार सबूत जुटाए।
  • उन्होंने कहा, "जांच में यह भी सामने आया कि हत्या से पहले आरोपियों ने अंकित बालियान की रेकी की थी और जिम के आसपास उसकी हर गतिविधि पर करीब से नजर रखी थी।"
  • कृष्णा ने आगे बताया, "जांच में यह भी पता चला कि शूटरों को हथियार बाहर से सप्लाई किए गए थे और घटना के दिन चारों हमलावरों ने प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद, अपराधी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे।"
  • उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों ने संदिग्धों पर नजर रखते हुए हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, गुजरात और पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में छापेमारी की।
  • डीजीपी ने कहा, "इसी क्रम में, 29 अगस्त को ह्यूमन और टेक्निकल इंटेलिजेंस के आधार पर घटना में शामिल आरोपियों की पहचान हुई। इनमें से दो आरोपियों को आज एक पुलिस ऑपरेशन में मार गिराया गया।"
  • शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मोहित के खिलाफ हरियाणा में 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि सुमित के खिलाफ कम से कम एक केस दर्ज है। कृष्णा ने कहा, "उनके और भी आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।"

यूपी टास्क फोर्स ने पूरी प्लानिंग से मार गिराया

हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान की हत्या से जुड़े दो मुख्य शूटरों को सोमवार को शामली में उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और जिला पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मार गिराया गया। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा, “मैंने आधी रात से सुबह 6.00 बजे तक नाकाबंदी का आदेश दिया था ताकि कोई भी गाड़ी बिना चेकिंग के जिले में दाखिल न हो सके। आज सुबह करीब 4.00 बजे, जब हिजाना के एसएचओ वीरेंद्र कसाना अपने स्टेशन के पास चेकिंग कर रहे थे, तो उन्होंने करनाल की तरफ से एक मोटरसाइकिल को आते देखा। उन्होंने उसे रोकने की कोशिश की। बाइक पर दो अपराधी सवार थे; उन्होंने तुरंत उन पर फायरिंग कर दी। वह बाल-बाल बच गए, हालांकि उनकी गाड़ी पर एक गोली लगी। उन्होंने तुरंत वायरलेस पर मैसेज भेजा। संदिग्धों की गाड़ी तेजी से भागी और कैराना की ओर मुड़ गई।”संदिग्धों ने अगले चेकपॉइंट्स को भी तोड़ा, जिसके बाद उन्हें घेर लिया गया।