Auto Driver Kindness Viral Video: 50 रुपये की एक्स्ट्रा टिप मिलने पर ऑटो ड्राइवर ने जरूरतमंद बुजुर्गों की मदद की। इंसानियत से भरा यह वायरल वीडियो लाखों लोगों का दिल जीत रहा है। देखें

Instagram Viral Video: आज के समय में जहां अक्सर लोग छोटी-छोटी बातों पर बहस करते नजर आते हैं, वहीं एक ऑटो रिक्शा चालक की इंसानियत ने सोशल मीडिया पर लाखों लोगों का दिल जीत लिया है। एक यात्री ने किराए से 50 रुपये ज्यादा दिए, लेकिन उस अतिरिक्त रकम को अपनी कमाई मानने के बजाय ऑटो चालक ने उसे दूसरों की मदद में खर्च कर दिया। यही छोटा-सा फैसला अब इंटरनेट पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

50 रुपये की टिप मिली, तो जरूरतमंदों की मदद करने का लिया फैसला

ऑटो चालक राजेंद्र तेमरे को एक सवारी का किराया 50 रुपये मिलना था। हालांकि यात्री ने उन्हें 100 रुपये दिए और बाकी पैसे वापस नहीं लिए। इस अप्रत्याशित व्यवहार से राजेंद्र भी हैरान रह गए। उन्होंने तय किया कि यह अतिरिक्त रकम किसी जरूरतमंद के काम आएगी। कुछ देर बाद उन्हें सड़क पर तेज धूप में पैदल चलती एक बुजुर्ग महिला दिखाई दी। राजेंद्र उसी दिशा में जा रहे थे, इसलिए उन्होंने महिला को बिना किसी किराए के अपने ऑटो में बैठने का आग्रह किया। शुरुआत में महिला ने संकोच किया, लेकिन राजेंद्र के समझाने पर वह ऑटो में बैठ गईं।

फ्री सवारी के साथ दिए पैसे भी

गंतव्य पर पहुंचने के बाद राजेंद्र ने महिला से कोई किराया नहीं लिया। इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी जेब से 10 रुपये निकालकर महिला को दिए और बताया कि उन्हें एक यात्री ने अतिरिक्त 50 रुपये दिए थे, इसलिए वह इस खुशी को आगे बांटना चाहते हैं। इसके बाद रास्ते में उन्हें एक बुजुर्ग व्यक्ति मिले। राजेंद्र ने पहले उन्हें अपनी पानी की बोतल से पानी पिलाया और फिर उसी रकम में से 10 रुपये उन्हें भी दे दिए। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि अब तक 20 रुपये जरूरतमंदों की मदद में खर्च हो चुके हैं और वह बाकी 30 रुपये भी इसी तरह किसी जरूरतमंद तक पहुंचाना चाहते हैं। नीचे देखें वायरल वीडियो-

View post on Instagram

वीडियो ने सोशल मीडिया पर जीता लोगों का दिल

राजेंद्र तेमरे का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। खबर लिखे जाने तक इसे 1.5 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका था। हजारों यूजर्स ने उनकी सोच और इंसानियत की जमकर सराहना की। कई लोगों ने लिखा कि किसी की छोटी-सी अच्छाई को आगे बढ़ाने का इससे बेहतर तरीका नहीं हो सकता। वहीं कुछ यूजर्स ने उम्मीद जताई कि राजेंद्र कैमरे के सामने ही नहीं, बल्कि हमेशा इसी तरह लोगों की मदद करते रहेंगे। कई लोगों ने उन्हें सच्चा अमीर बताते हुए कहा कि असली दौलत पैसे नहीं, बल्कि दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाने की सोच होती है।

छोटी मदद भी बड़ा बदलाव ला सकती है

राजेंद्र तेमरे की यह कहानी इस बात का उदाहरण है कि इंसानियत दिखाने के लिए बड़ी रकम या बड़े संसाधनों की जरूरत नहीं होती। कभी-कभी सिर्फ 50 रुपये भी कई लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला सकते हैं। यही वजह है कि उनका यह कदम लाखों लोगों के लिए प्रेरणा बन गया है और सोशल मीडिया पर लगातार सराहा जा रहा है।