Banka Viral Video: जमुई और समस्तीपुर के बाद अब बिहार के बांका में एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ का वीडियो सामने आया है। एक हफ्ते में तीसरी ऐसी घटना होने पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर तीखा हमला बोला है।

Bihar Viral Video: बिहार में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। जमुई और समस्तीपुर की घटनाओं के बाद अब बांका के मंदार पर्वत टूरिस्ट स्पॉट से एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का वीडियो सामने आया है। राज्य में महज एक हफ्ते के भीतर इस तरह की यह तीसरी घटना है, जिससे आम जनता से लेकर राजनीतिक गलियारों तक भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

Scroll to load tweet…

Banka Viral Video: मंदार पर्वत पर क्या हुआ?

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवकों का एक समूह लड़की को घेरता दिखाई देता है। एक युवक उसका हाथ मरोड़ता नजर आ रहा है, जबकि दूसरा चप्पल से उसे मारने की कोशिश करता दिखता है। एक अन्य युवक के हाथ में डंडा भी दिखाई देता है। वीडियो में बैकग्राउंड में ऐसा गाना लगाया गया है, जिसे पुलिस ने घटना की जांच के दौरान देखा है। पुलिस के मुताबिक वीडियो बौंसी थाना क्षेत्र के मंदार पर्वत का ही है। सोशल मीडिया सेल को यह वीडियो 22 सितंबर को व्हाट्सऐप के जरिए मिला था। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर जाकर वीडियो की लोकेशन की पुष्टि की। पुलिस अब वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान करने में जुटी है।

Scroll to load tweet…

तेजस्वी यादव ने बोला सरकार पर तीखा हमला

वायरल वीडियो में कुछ लड़के टूरिस्ट स्पॉट पर एक लड़की के साथ बदसलूकी और मारपीट करते साफ नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आते ही आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि "बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह दम तोड़ चुकी है।" तेजस्वी ने जमुई और समस्तीपुर मामलों का हवाला देते हुए सरकार से पूछा कि आखिर बांका के ये दरिंदे कब गिरफ्तार होंगे? उन्होंने सरकार पर जाति देखकर कार्रवाई करने का गंभीर आरोप भी लगाया है।

एक हफ्ते में तीन घटनाएं और पुलिस की कार्रवाई

बिहार में महिलाओं और नाबालिगों के खिलाफ बढ़ते अपराधों ने चिंता बढ़ा दी है। हाल ही में दरभंगा के कीरतपुर में भी स्कूल जा रही छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया था, जिसमें पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को जेल भेज दिया और नाबालिग साथी को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया। वहीं, 19 सितंबर को जमुई में हुई ऐसी ही एक घटना के बाद पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो मुख्य आरोपियों को दबोचा था, जिसमें कुल पांच गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। अब बांका का यह नया मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर और अधिक दबाव बढ़ गया है, और अधिकारी वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी धरपकड़ में जुट गए हैं।

तीसरा Viral Video, लेकिन घटना कब की?

बांका का वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब पिछले कुछ दिनों में जमुई और समस्तीपुर से भी लड़कियों से कथित बदसलूकी के वीडियो वायरल हुए हैं। इसी वजह से इसे बिहार में एक हफ्ते के भीतर सामने आया तीसरा ऐसा वायरल वीडियो बताया जा रहा है। लेकिन बांका की घटना की तारीख अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस को शक है कि फुटेज करीब छह महीने पुराना हो सकता है, जबकि वीडियो पर 3 सितंबर की तारीख दिखाई दे रही है।