‘जल्दी बोल, पनवेल निकलना है’… बस इतना कहना एक छात्र को भारी पड़ गया? रजत सूद के शो में आखिर ऐसा क्या हुआ कि प्रोफेसर ने छात्र को मंच पर बुलाकर उसका कॉलर पकड़ लिया? घटना का VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल है, अब NSUI ने जांच और माफी की मांग की है।
Nirma University Viral Video: अहमदाबाद की प्रसिद्ध निरमा यूनिवर्सिटी इन दिनों एक अजीबोगरीब और वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में है। यूनिवर्सिटी में चल रहे 'टेक्नोफोरा 2026' फेस्टिवल के दौरान स्टैंड-अप कॉमेडियन रजत सूद का शो चल रहा था। इसी दौरान एक छात्र द्वारा बोले गए मशहूर फिल्मी डायलॉग ने ऐसा भूचाल लाया कि प्रोफेसर साहब अपना आपा खो बैठे और छात्र का कॉलर तक खींच लिया। अब इस पूरे मामले पर राजनीति और सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।

Rajat Sood Show: 'जल्दी बोल पनवेल निकलना है' जोक पर भड़के प्रोफेसर
घटना 18 से 20 सितंबर के बीच की है। शो के दौरान जब प्रोफेसर हिमांशु पटेल मंच पर मोबाइल देखकर कुछ पढ़ रहे थे, तभी भीड़ में बैठे एक छात्र ने 'जल्दी बोल पनवेल निकलना है' वाला चर्चित डायलॉग मार दिया। यह मज़ाक प्रोफेसर साहब को इतना नागवार गुजरा कि उन्होंने तुरंत उस छात्र को मंच पर बुलवा लिया। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि प्रोफेसर ने गुस्से में छात्र का कॉलर पकड़ लिया और उसे खुलेआम धमकी देते हुए कहा, "मैं किसी भी हद तक जा सकता हूं। अगर दोबारा किसी फैकल्टी का अपमान किया, तो हमेशा के लिए बाहर कर दिए जाओगे।"
सोशल मीडिया पर जंग और NSUI की माफी की मांग
यह वीडियो इंटरनेट पर आते ही तेजी से वायरल हो गया। लोग दो गुटों में बंट गए हैं। कुछ यूजर्स का मानना है कि कॉलेज के मज़ाक को इतना तूल नहीं देना चाहिए था और प्रोफेसर को संयम बरतना चाहिए था, तो वहीं कुछ लोग छात्र की बदतमीजी पर प्रोफेसर के गुस्से को सही ठहरा रहे हैं। इस बीच, कांग्रेस समर्थित छात्र संगठन NSUI ने इस घटना को छात्रों के अधिकारों पर हमला बताया है। NSUI के नेशनल कोऑर्डिनेटर भाविक सोलंकी ने कड़ा विरोध जताते हुए प्रोफेसर से सार्वजनिक माफी की मांग की है और चेतावनी दी है कि अगर यूनिवर्सिटी प्रशासन ने इस पर निष्पक्ष जांच नहीं की, तो वे बड़ा विरोध प्रदर्शन करेंगे। फिलहाल यूनिवर्सिटी की तरफ से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
निरमा यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर हिमांशु पटेल कौन हैं?
डॉ. हिमांशु के. पटेल निरमा यूनिवर्सिटी के इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष हैं। वह 16 मई 2000 यानि करीब 26 वर्षों से विश्वविद्यालय से जुड़े हैं। पीएचडी कर चुके डॉ. पटेल का शोध सेंसर, जैव-चिकित्सीय उपकरण, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स और विद्युत ड्राइव जैसे क्षेत्रों में है। वह केवल विभागाध्यक्ष ही नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय के तकनीकी और छात्र कार्यक्रमों से भी जुड़े रहे हैं। टेक्नोफोरा 2026 कार्यक्रम विश्वविद्यालय के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इंस्ट्रूमेंटेशन विभाग के तत्वावधान में आयोजित हुआ था और आधिकारिक जानकारी के अनुसार डॉ. हिमांशु पटेल इसके मार्गदर्शक तथा आईएसए छात्र अध्याय के संकाय सलाहकार थे। 18 से 20 सितंबर तक हुए इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में 800 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। सितंबर 2026 में रजत सूद के शो के दौरान छात्र का कॉलर पकड़ने का वीडियो वायरल होने के बाद वह चर्चा में आए।


