पूणे के बारामती एयरपोर्ट पर फिर टला बड़ा हादसा! दो बार टेक-ऑफ रोकने के बाद अचानक रनवे से फिसला विमान। क्या बारामती एयरफील्ड पर मंडरा रहा है कोई अनजाना खतरा? जानिए पूरी खबर।
पुणे: महाराष्ट्र के बारामती एयरपोर्ट पर रविवार दोपहर करीब 12:35 बजे एक प्राइवेट कंपनी का ट्रेनी एयरक्राफ्ट (VT-SEX) हादसे का शिकार हो गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार दोनों पायलट सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। हादसे में विमान को मामूली नुकसान पहुंचा। यह घटना इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि करीब सात महीने पहले इसी इलाके में तत्कालीन महाराष्ट्र डिप्टी सीएम अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत हुई थी।
रनवे का सस्पेंस: आखिर क्या हुआ?
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी संदीप सिंह गिल के मुताबिक, ट्रेनिंग के दौरान VT-SEX विमान रनवे से बाहर निकल गया। विमान में कैप्टन चिराग शशिकांत डोइफोडे और कैडेट अभिजीत जुंड्रे सवार थे।
- पहला टेक-ऑफ प्रयास: विमान 'लिंक ब्रावो' से आकर रनवे 29 पर लाइन अप हुआ, लेकिन टेक-ऑफ बीच में ही रोकना पड़ा (रिजेक्टेड टेक-ऑफ)।
- दूसरा टेक-ऑफ प्रयास: इसके बाद विमान को रनवे 11 पर लाइन अप किया गया, जहां दोबारा टेक-ऑफ रद्द करना पड़ा।
- हादसे का मोड़: प्रक्रिया के दौरान विमान पूरी तरह नहीं रुक सका और रनवे 29 के शुरुआती हिस्से को पार करते हुए दाईं ओर पक्की सतह से बाहर निकल गया (रनवे एक्सकर्शन)।
अतीत का साया: 7 महीने पहले हुआ था बड़ा हादसा
इसी बारामती एयरपोर्ट के पास जनवरी में एक बड़ा विमान हादसा हुआ था, जिसमें महाराष्ट्र के तत्कालीन डिप्टी सीएम अजित पवार समेत 5 लोगों की जान चली गई थी।विमान में उनके अलावा पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर, अटेंडेंट और दो क्रू सदस्य सुमित कपूर व शाम्भवी पाठक सवार थे।
- जनवरी क्रैश: VSR वेंचर्स का लियरजेट 45 विमान लैंडिंग की दूसरी कोशिश के दौरान हादसे का शिकार हुआ था।
- सुरक्षा खामियां: जांच एजेंसी AAIB की शुरुआती रिपोर्ट में कम विज़िबिलिटी, रनवे पर मिटते निशान और ढीली बजरी की बात सामने आई थी।
- मई की घटना: 13 मई को भी एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट बिजली के खंभे से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था।
बारामती एयरपोर्ट का कायाकल्प: हाई-टेक सुरक्षा की तैयारी
बार-बार हो रहे हादसों को देखते हुए अब एयरपोर्ट को अपग्रेड करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है:
- नया ATC टावर: बेहतर गाइडेंस के लिए अलग एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टावर बनेगा।
- विस्तार व सुरक्षा: रनवे का आकार बढ़ाया जाएगा और रात में लैंडिंग/टेक-ऑफ के लिए आधुनिक सिस्टम लगेंगे।
- इमरजेंसी सुविधा: परिसर में एक अलग फायर स्टेशन और मजबूत सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाएगा।


