बेंगलुरु में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां बिहार की गुब्बारे वाली लव स्टोरी में पति ऐसा विलन बना कि अपनी ही पत्नी की बेरहमी की हत्या कर दी। इसके बाद शव को बोरे में भरकर नाले में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

बेंगलुरु (कर्नाटक): बेंगलुरु पुलिस ने गुरुवार को एक 22 साल के प्रवासी मजदूर को गिरफ्तार किया है। यह मजदूर बिहार का रहने वाला है। उस पर अपनी 25 साल की पत्नी की हत्या करने और उसका शव बरसाती नाले में फेंकने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी का किसी और के साथ चक्कर चल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी का नाम मोहम्मद इरफाज है और उसकी पत्नी का नाम रुक्साना था। दोनों मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे।

बिहार की गुब्बारे वाली लव स्टोरी का बेंगलुरु में अंत

  • पुलिस के अनुसार, दोनों की शादी करीब एक साल पहले हुई थी। रुक्साना की यह दूसरी शादी थी और पहले पति से उसका एक बच्चा भी है। बताया जा रहा है कि बिहार में गुब्बारे बेचने के दौरान दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया था। करीब छह महीने पहले ही वे काम की तलाश में बेंगलुरु आए थे, जहां इरफाज को एक लोकल गारमेंट फैक्ट्री में काम मिल गया था।
  • पुलिस का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से पति-पत्नी के बीच रिश्ते ठीक नहीं चल रहे थे। इरफाज को शक था कि रुक्साना का किसी और से अफेयर है, क्योंकि वह अक्सर फोन पर किसी से बात करती रहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन झगड़े होते थे।

इरफाज ने रुक्साना को दी भयानक मौत

  • 10 अक्टूबर को यह विवाद इतना बढ़ गया कि इरफाज ने रुक्साना पर पत्थर से हमला कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने रुक्साना के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया।

जुर्म छिपाने के लिए रची फिल्मी साजिश

अपना जुर्म छिपाने के लिए आरोपी ने पास में खड़ी एक लावारिस बाइक का हैंडल लॉक तोड़ा। फिर उसने पत्नी के शव को एक बोरे में भरा, उसे बाइक के हैंडल के बीच रखा और गाड़ी को धक्का देते हुए गोपालपुरा ड्रेनेज इलाके तक ले गया। वहां उसने शव को बरसाती नाले (स्टॉर्मवॉटर ड्रेन) में फेंक दिया।

लाश मिली तो आरोपी ने कबूल किया जुर्म

13 अक्टूबर को नाले में प्लास्टिक कवर में लिपटा हुआ शव बरामद हुआ। शुरुआत में पुलिस शव की पहचान नहीं कर पाई थी।इसके बाद मगदी रोड पुलिस ने 10 से ज्यादा टीमें बनाईं। इन टीमों ने इलाके में घर-घर जाकर पूछताछ की और हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की शिकायतों को खंगाला। इसी जांच के दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि गोपालपुरा में रहने वाली एक महिला कई दिनों से गायब है। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने इरफाज से पूछताछ शुरू की। पुलिस के मुताबिक, कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है और और भी जानकारी का इंतजार है।