बेंगलुरु में सड़क पर शराब पी रहे युवकों ने टोके जाने पर 2 पुलिसकर्मियों से मारपीट की और उनकी वर्दी फाड़ दी। इस मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार हुए हैं, जबकि 2 अन्य फरार हैं।

बेंगलुरु: बेंगलुरु में बीच सड़क पर कार रोककर शराब पार्टी कर रहे लड़कों को टोकना दो पुलिस कॉन्स्टेबल को महंगा पड़ गया। इन लड़कों ने पुलिसवालों से न सिर्फ बदसलूकी की, बल्कि उनकी वर्दी तक फाड़ दी। इस मामले में अमृतहल्ली पुलिस ने एक प्राइवेट कॉलेज स्टूडेंट समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम मरियप्पनपाल्या के देव हर्ष और आर्यन हैं। आर्यन एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। वहीं, इस वारदात में शामिल चांद और मृणाल फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। यह घटना आकाशवाणी लेआउट में गश्त कर रहे कॉन्स्टेबल हनुमंत अलगुंडी और रुद्रप्पा के साथ हुई थी। अधिकारियों ने बताया कि हमले में घायल हुए दोनों पुलिसकर्मियों का इलाज कराया गया और अब वे ठीक हैं।

वर्दी फाड़ी, जमकर की गुंडागर्दी

पुलिस के मुताबिक, यह घटना 1 मई की है। तड़के करीब 3 बजे दासरहल्ली के पास आकाशवाणी लेआउट में B.Tech के छात्र हर्ष, चांद, मृणाल और आर्यन अपनी कार बीच सड़क पर खड़ी करके शराब पी रहे थे। उसी वक्त अमृतहल्ली थाने के कॉन्स्टेबल रुद्रप्पा और हणमंत गश्त करते हुए वहां पहुंचे।

पुलिसवालों ने जब उन्हें सड़क के बीच में शराब पीने से रोका, तो वे भड़क गए। उनमें से एक ने चिल्लाते हुए गाली दी, 'कर्नाटक पुलिस मादरचोर'। इसके बाद जब एक कॉन्स्टेबल अपनी बाइक से लाठी निकालने के लिए आगे बढ़ा, तो चारों ने उसे पीछे से पकड़ लिया।

फिर आरोपियों ने कॉन्स्टेबल की वर्दी फाड़ दी, उन्हें घूंसों और लातों से पीटा और मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद, हमले में घायल कॉन्स्टेबल रुद्रप्पा ने अमृतहल्ली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर FIR लिखी गई। पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि फरार हुए चांद और मृणाल की तलाश जारी है।

अमीर घर के हैं आरोपी

पुलिस सूत्रों से पता चला है कि इन आरोपियों में से मृणाल को छोड़कर बाकी तीनों स्थानीय अमीर परिवारों से हैं। माना जा रहा है कि पैसों के नशे में ही उन्होंने यह गुंडागर्दी की।