बेंगलुरु में पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। तलाक का नोटिस मिलने से नाराज पति ने हत्या के लिए बाकायदा शूटिंग ट्रेनिंग ली थी। पुलिस ने इस मामले में 495 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है।

बेंगलुरु: बैंक कर्मचारी पत्नी की सरेआम गोली मारकर हत्या करने वाले पति बालमुरुगन को लेकर चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस ने पाया है कि हत्या को अंजाम देने के लिए उसने बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड में एक शूटिंग एकेडमी में ट्रेनिंग ली थी। हाल ही में मागडी रोड पुलिस ने जांच पूरी कर कोर्ट में जो चार्जशीट दाखिल की है, उसमें यह जानकारी दी गई है। चार्जशीट में पुलिस ने साफ कहा है कि आरोपी बालमुरुगन ने सिर्फ अपनी पत्नी को मारने के इरादे से ही शूटिंग की ट्रेनिंग ली थी।

बालमुरुगन और दूसरे आरोपी मौलीश कुमार, पेरियास्वामी, राहुल, हरी और सूर्या ने मैजेस्टिक के एक लॉज में बैठकर साजिश रची थी। यहीं पर भुवनेश्वरी की हत्या का प्लान बनाया गया और जगह तय की गई। इसके लिए बालमुरुगन बिहार गया और 80,000 रुपये में दो पिस्टल खरीदीं। शक से बचने के लिए उसने एक पिस्टल अपने साथी को दे दी, जो उसे तमिलनाडु ले गया। जांच में यह बात भी सामने आई है।

बालमुरुगन ने 23 दिसंबर 2025 को अपनी 39 साल की पत्नी भुवनेश्वरी की हत्या की थी। इस मामले में पुलिस ने तमिलनाडु के रहने वाले पति सेल्वा बालमुरुगन और उसके साथियों अभिमन्यु सिंह, मौलेश कुमार और पेरियास्वामी को गिरफ्तार किया था। वहीं, राहुल, हरीश और सूर्या अभी भी फरार हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ 24वें ACMM कोर्ट में 495 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की गई है। यह हत्या मागडी के पास हुई थी। हत्या की वजह पत्नी का तलाक का नोटिस भेजना था। तलाक का नोटिस मिलने के एक हफ्ते बाद ही उसने यह खौफनाक कदम उठाया। 39 साल की भुवनेश्वरी काफी समय से पति से अलग रह रही थीं और इसके बाद उन्होंने तलाक मांगा था। दोनों की शादी 2011 में हुई थी और उनके दो बच्चे भी हैं।