Bihar Boat Accident: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी में नाव पलटने से 13 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में कई बच्चे बताए जा रहे हैं। नाव पर 15-20 लोग दावत में जा रहे थे। एनडीआरएफ राहत कार्य कर रही है। पीएम मोदी और सरकार ने मुआवजे का ऐलान किया है।
Bihar Boat Accident: “भोज में चलो...” कहकर घर से निकले बच्चे शायद नहीं जानते थे कि गंगा का यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। बिहार के वैशाली में गंगा का किनारा मंगलवार रात अचानक चीख-पुकार से भर गया। राघोपुर के रामपुर श्यामचंद के पास बीच गंगा में नाव पलट गई। अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें कई बच्चे शामिल हैं। सात लोगों को बचाया गया है, जबकि कुछ लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। रात के अंधेरे में गोताखोरों और SDRF की टीमों का सर्च ऑपरेशन जारी है। आखिर उस नाव में ऐसा क्या हुआ कि कुछ ही पलों में हंसी-खुशी का सफर मातम में बदल गया?
Vaishali Boat Accident: राघोपुर में कैसे हुआ हादसा?
- हादसा वैशाली जिले के राघोपुर दियारा इलाके में गंगा नदी में हुआ।
- शुरुआती जानकारी के मुताबिक नाव में 15 से 20 लोग सवार थे।
- नाव पलटने के बाद कई लोग नदी में डूब गए। मृतकों में कई बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।
- घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।
- NDRF की टीमें भी घटनास्थल पर तैनात की गई हैं।
- स्थानीय ग्रामीण भी प्रशासन के साथ मिलकर नदी में लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं।
Bihar Boat Accident: पीड़ित परिवारों के लिए कितनी आर्थिक मदद?
- हादसे के बाद केंद्र और बिहार सरकार की ओर से आर्थिक सहायता का ऐलान किया गया है।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की।
- पीएम मोदी ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिवारों को 4 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया।
- चौधरी ने कहा कि इस मुश्किल समय में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ है।
Vaishali Ganga Boat Accident: नेताओं ने जताया दुख
- विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने राघोपुर दियारा में नाव पलटने की घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि डूबने वालों में ज्यादातर बच्चे हैं और राहत, बचाव तथा इलाज के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
- उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए नदी में लापता लोगों की सुरक्षा की प्रार्थना की।

