Kanpur Viral Wedding Story: कानपुर के घाटमपुर में शादी से पहले लगी आग में दुल्हन समेत 12 लोग झुलस गए। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंची दुल्हन का दूल्हे ने बर्न वार्ड में ही हाथ थाम लिया। दर्द और प्रेम की यह अनोखी शादी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है।
Kanpur Bride Fire Incident: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने दर्द, साहस और रिश्तों की सच्चाई को एक साथ लोगों के सामने ला दिया। घाटमपुर क्षेत्र में शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं, जब शादी से ठीक पहले घर में भीषण आग लग गई। हादसे में दुल्हन समेत 12 लोग झुलस गए। लेकिन इस दर्दनाक घटना के बीच दूल्हे ने जो फैसला लिया, उसने हर किसी को भावुक कर दिया।

जहां एक तरफ दुल्हन अस्पताल के बर्न वार्ड में जिंदगी और दर्द से जूझ रही थी, वहीं दूसरी तरफ दूल्हे ने शादी टालने से इनकार कर दिया। उसने कहा कि वह हर हाल में अपनी होने वाली पत्नी का साथ निभाएगा। इसके बाद अस्पताल का बर्न वार्ड ही शादी का मंडप बन गया और दोनों ने परिवार की मौजूदगी में सात जन्मों का साथ निभाने की कसमें खाईं।
यह भी पढ़ें: कौन है पी.वी. कुलकर्णी? जिसे CBI ने बताया NEET पेपर लीक का 'मास्टरमाइंड'!
मेहंदी की रस्म के बीच लगी आग, मची अफरा-तफरी
घाटमपुर थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव निवासी जगदीश की बेटी श्वेता की गुरुवार को शादी होनी थी। बुधवार शाम घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। रिश्तेदार, मेहमान और परिवार के लोग मेहंदी समारोह में शामिल थे। घर में खाना भी बनाया जा रहा था।
इसी दौरान गैस सिलेंडर की पाइप में अचानक रिसाव हो गया। देखते ही देखते आग फैल गई। परिवार के लोग आग बुझाने की कोशिश कर ही रहे थे कि चूल्हे पर रखी गर्म तेल की कढ़ाई पलट गई। इससे आसपास मौजूद कई लोग झुलस गए। हादसे में दुल्हन श्वेता समेत कुल 12 लोग घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही चार एंबुलेंस गांव पहुंचीं और सभी घायलों को घाटमपुर सीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल श्वेता को कानपुर के जाजमऊ स्थित मिशिका अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया।
दूल्हे ने कहा- हर हाल में निभाऊंगा साथ
हादसे की खबर मिलते ही दूल्हा विकास सिंह अपने परिवार के साथ अस्पताल पहुंच गया। दुल्हन की हालत देखकर दोनों परिवारों ने शादी टालने की बात कही। लेकिन विकास ने साफ शब्दों में कहा कि वह इस मुश्किल समय में श्वेता का साथ नहीं छोड़ेगा। विकास के इस फैसले के बाद परिवार और अस्पताल प्रशासन ने आपसी सहमति से अस्पताल में ही शादी कराने का निर्णय लिया। बर्न वार्ड को फूल-मालाओं से सजाया गया और बेहद सादगी के साथ वैवाहिक रस्में पूरी की गईं।
अस्पताल के बेड पर भर्ती श्वेता के माथे पर विकास ने सिंदूर भरकर उसे अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया। इस दौरान मौजूद परिजन, अस्पताल स्टाफ और रिश्तेदार भावुक हो उठे। कई लोगों की आंखों में आंसू थे, लेकिन माहौल में रिश्ते की मजबूती और भरोसे की अलग ही तस्वीर दिखाई दे रही थी।
पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी शादी
घाटमपुर और आसपास के इलाकों में यह अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग दूल्हे के फैसले की सराहना कर रहे हैं और इसे सच्चे प्रेम और जिम्मेदारी की मिसाल बता रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, दुल्हन की हालत में अब पहले से सुधार है और डॉक्टर लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही उसे अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।
हादसे ने दिया बड़ा संदेश
यह घटना सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि रिश्तों की असली परीक्षा भी बन गई। जहां अक्सर मुश्किल हालात में रिश्ते कमजोर पड़ जाते हैं, वहीं कानपुर के इस दूल्हे ने साबित कर दिया कि शादी सिर्फ रस्म नहीं, बल्कि हर परिस्थिति में साथ निभाने का वादा होती है।
यह भी पढ़ें: Jaipur-Hyderabad Express Fire: धुएं से शुरू हुई दहशत, कुछ मिनटों में आग की लपटों में घिरी ट्रेन
गोरखपुर से भी आया ऐसा ही भावुक करने वाला मामला
इसी तरह का एक और भावुक मामला गोरखपुर से सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान और भावुक दोनों कर दिया। यहां रहने वाली पूजा यादव की शादी सन्नी यादव से तय थी और 13 मई 2026 को बारात आने का मुहूर्त तय था। उसी दिन पूजा का LLB अंतिम सेमेस्टर का पेपर भी था, जिसके चलते वह सुबह अपने भाई के साथ खलीलाबाद स्थित कॉलेज परीक्षा देने गई थी। परीक्षा खत्म होने के बाद लौटते समय अचानक रास्ते में उसे चक्कर आ गया और वह चलती बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद सिर में गंभीर चोट लगने पर उसे ICU में भर्ती कराना पड़ा। इस दर्दनाक घटना की जानकारी जब दूल्हे और दोनों परिवारों को मिली तो शादी वाले घर में चीख-पुकार मच गई, लेकिन हालात को देखते हुए सन्नी यादव ने बड़ा फैसला लेते हुए अस्पताल के ICU वार्ड में ही शादी की रस्में पूरी कर दीं, जिससे यह मामला भी एक भावुक और अनोखी शादी के रूप में चर्चा में आ गया।
