पश्चिम बंगाल BJP अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने CEC ज्ञानेश कुमार का समर्थन किया और चुनाव व वोटर लिस्ट सुधार में भूमिका के लिए पद्म पुरस्कार देने की मांग की।

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को लेकर देश में चल रहे सियासी विवाद के बीच पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने उनके समर्थन में बड़ा बयान दिया है। भट्टाचार्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल में स्वतंत्र और शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराने और वोटर लिस्ट को दुरुस्त करने में ज्ञानेश कुमार की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि इसके लिए CEC ज्ञानेश कुमार को कम से कम पद्म भूषण अवॉर्ड से सम्मानित किया जाना चाहिए।

मीडिया से बात करते हुए समिक भट्टाचार्य ने कहा, “कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी को सीरियसली नहीं लेती है और आप क्या राहुल गांधी की बातें करते हैं। ज्ञानेश कुमार को तो कम से कम पद्म विभूषण देना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता इतने दिनों बाद डर और दबाव के माहौल से बाहर निकलकर बिना किसी हत्या की घटना के वोट डालने का मौका मिलने से खुश है।

वोटर लिस्ट को लेकर ज्ञानेश कुमार की भूमिका का दावा

  • बंगाल बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि पश्चिम बंगाल एक सीमावर्ती राज्य है। उनके मुताबिक, वोटर लिस्ट में शामिल बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम हटाने का काम ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में हुआ है।
  • समिक भट्टाचार्य ने कहा कि बंगाल की आम जनता का आशीर्वाद ज्ञानेश कुमार के साथ है। उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी चाहती है कि मुख्य चुनाव आयुक्त को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया जाए।
Scroll to load tweet…

कौन हैं समिक भट्टाचार्य?

  • समिक भट्टाचार्य वर्तमान में पश्चिम बंगाल बीजेपी के सीनियर लीडर और राज्यसभा सांसद हैं।
  • सितंबर 2025 से वे पश्चिम बंगाल बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हैं और 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की राज्य इकाई का नेतृत्व कर रहे हैं।
  • उनकी राजनीतिक सक्रियता छात्र जीवन में RSS की शाखाओं से शुरू हुई।
  • बाद में वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और फिर भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) से जुड़े।
  • 2014 में उन्होंने बशीरहाट दक्षिण विधानसभा उपचुनाव जीता और बीजेपी विधायक बने।
  • हालांकि 2016 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
  • इससे पहले 2006 में श्यामपुकुर और 2014 में बशीरहाट लोकसभा सीट से भी चुनाव लड़ा था।
  • अप्रैल 2024 से वे पश्चिम बंगाल से राज्यसभा सांसद हैं। जुलाई 2025 में उन्हें पश्चिम बंगाल बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया।

SIR को लेकर चुनाव आयोग पर विपक्ष के सवाल

  • ज्ञानेश कुमार को लेकर समिक भट्टाचार्य का यह बयान ऐसे समय आया है, जब SIR (Special Intensive Revision) को लेकर विपक्ष लगातार चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहा है।
  • इस विवाद की शुरुआत एक अंग्रेजी अखबार में प्रकाशित रिपोर्ट के बाद हुई।
  • रिपोर्ट में दावा किया गया था कि चुनाव आयोग के 2 अन्य आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने SIR से जुड़े फैसलों पर पिछले 10 महीनों के दौरान कई बार असहमति जताई थी।
  • रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों चुनाव आयुक्तों ने कम से कम 14 बार लिखित रूप से अपनी असहमति दर्ज कराई थी।

कांग्रेस ने CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की

रिपोर्ट सामने आने के बाद कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दलों ने CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तेज कर दी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा देने और “सरकारी गवाह” बनने की बात कही।

राहुल गांधी ने चुनाव व्यवस्था को लेकर उठाए सवाल

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश की चुनाव व्यवस्था और लोकतांत्रिक संस्थाओं को नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने SIR प्रक्रिया के दौरान वोटरों के नाम जोड़ने और हटाने को लेकर भी सवाल उठाए। राहुल गांधी ने कहा कि अगर वोट की व्यवस्था कमजोर होती है तो इसका असर संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर पड़ता है।