पटना से लेकर दिल्ली और देशभर में महापर्व छठ का त्यौहार मनाया जा रहा है। इस दौरान कई जगह खासकर झारखंड और बंगाल में पूजा के दौरान अनोखी परंपरा देखने को मिलती है, जहां व्रती महिलाएं जमीन पर लेटे बच्चों को लांघकर आगे बढ़ती हैं। आइए जानते हैं क्या इसके पीछे की वजह…
छठ महापर्व में कई ऐसी परंपराएं देखने को मिलती हैं, जिनके बारे में जानकर लोग हैरान रह जाते हैं। ऐसी ही एक अनोखी परंपरा है, जिसमें छठ व्रती महिलाएं जमीन पर लेटे बच्चों को लांघकर आगे बढ़ती हैं। तस्वीर में भी कुछ ऐसा ही दृश्य दिखाई दे रहा है। इस रस्म के पीछे बच्चों की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी जीवन की कामना जुड़ी हुई है।
बच्चों को लांघकर आशीर्वाद देती हैं व्रती महिलाएं
- यह परंपरा झारखंड के धनबाद जिले के निछानी छठ घाट पर खास तौर पर देखने को मिलती है। यहां उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद जब छठ व्रती महिलाएं घाट से घर लौटती हैं, तो रास्ते में छोटे बच्चों को जमीन पर लिटा दिया जाता है। इसके बाद व्रती महिलाएं इन बच्चों को लांघकर आगे बढ़ती हैं।
- स्थानीय मान्यता है कि छठ का कठिन निर्जला व्रत करने वाली महिलाओं के आशीर्वाद से बच्चों को छठी मैया की कृपा मिलती है। इससे बच्चों की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना पूरी होती है।
50 साल से ज्यादा पुरानी है परंपरा
धनबाद के निछानी छठ घाट पर यह रस्म करीब 50 साल से भी ज्यादा समय से निभाई जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह परंपरा पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ती आ रही है। छठ के मौके पर माता-पिता अपने बच्चों को इस रस्म में शामिल करते हैं और व्रती महिलाओं से आशीर्वाद दिलवाते हैं।
छठी मैया से बच्चों की खुशहाली की कामना
- छठ पूजा में सूर्य देव के साथ छठी मैया की भी पूजा की जाती है। इस दौरान महिलाएं परिवार की सुख-शांति और बच्चों के अच्छे भविष्य के लिए कठिन व्रत रखती हैं। करीब 36 घंटे तक निर्जला उपवास करने के बाद चौथे दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन किया जाता है।
- ध्यान देने वाली बात यह है कि बच्चों को लांघने की यह रस्म हर जगह नहीं होती। यह कुछ क्षेत्रों में प्रचलित स्थानीय लोक परंपरा है और इससे जुड़ी मान्यता धार्मिक आस्था पर आधारित है, इसका कोई चिकित्सकीय प्रमाण नहीं है।














