Dehradun Triple Murder: देहरादून के रायपुर में 300 रुपये की मजदूरी के विवाद में बुजुर्ग दंपति समेत तीन लोगों की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी प्लंबर राजकुमार को गिरफ्तार किया है।
देहरादून में महज 300 रुपये की मजदूरी का विवाद ऐसी खौफनाक वारदात में बदल गया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी। रायपुर थाना क्षेत्र में 80 वर्षीय बुजुर्ग और उनकी 75 वर्षीय पत्नी के साथ घर में काम कर रही महिला की भी हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए प्लंबर राजकुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, विवाद की शुरुआत मजदूरी के भुगतान को लेकर हुई थी।
300 रुपये मांगने पर बिगड़ी बात
पुलिस के अनुसार, सेवानिवृत्त ऑर्डिनेंस फैक्ट्री कर्मचारी रमेश कपूर अपनी पत्नी रजनी कपूर के साथ रायपुर स्थित घर में रहते थे। घटना के दिन उन्होंने प्लंबिंग के काम के लिए राजकुमार को बुलाया था। आरोपी करीब दो साल से उनके घर पर काम करने आता था। काम पूरा होने के बाद 300 रुपये की मजदूरी को लेकर कहासुनी शुरू हुई। पुलिस का दावा है कि देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि राजकुमार ने हिंसा कर दी।
यह भी पढ़ें: पंजाब चुनाव से 2 महीने पहले CBI रेड, केजरीवाल ने खोल दिया BJP के खिलाफ मोर्चा!
पेंचकस से हमला, बचाने आई महिला भी नहीं बची
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पेंचकस से रमेश कपूर और उनकी पत्नी पर हमला किया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घर से शोर सुनकर पड़ोस में काम कर रही करीब 48 वर्षीय नौकरानी तिलिया देवी वहां पहुंचीं और बीच-बचाव की कोशिश की। पुलिस का आरोप है कि आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। बाद में तीनों की मौत हो गई। यानी जिस विवाद की शुरुआत महज 300 रुपये से हुई, उसका अंत तीन जिंदगियों के खत्म होने के साथ हुआ।
बिजनौर का रहने वाला है आरोपी
घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया। वह मूल रूप से बिजनौर का रहने वाला बताया गया है। एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हत्याकांड का खुलासा किया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच रही है कि मजदूरी के विवाद के अलावा कोई दूसरी वजह तो नहीं थी। मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी का EC पर हल्लाबोल! SIR को लेकर 250+ सांसद सड़क पर
