दिल्ली की एक इन्फ्लुएंसर ने एक व्यक्ति पर रेप का आरोप लगाया है। आरोपी ने रील शूट के बहाने होटल बुलाकर रेप किया और बाद में ब्लैकमेल भी किया। पुलिस ने 10 जून को FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नई दिल्लीः एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने एक आदमी पर रेप का सनसनीखेज आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि आरोपी ने उसे ऑनलाइन कंटेंट यानी रील शूट करने के बहाने होटल में बुलाया और फिर उसके साथ ज़्यादती की। पुलिस ने मंगलवार को ये जानकारी दी। न्यूज़ एजेंसी PTI के मुताबिक, पीड़ित महिला 36 साल की है और दिल्ली के बुराड़ी इलाके में रहती है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वो 2022 में आरोपी से एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के ज़रिए मिली थी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अपनी शिकायत में महिला ने बताया कि सितंबर 2022 में आरोपी ने उसे सोशल मीडिया रील्स बनाने के बहाने बुराड़ी के एक होटल में बुलाया। वहां पहुंचने पर आरोपी ने उसके साथ रेप किया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने 10 जून को बुराड़ी पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कर ली। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने पुष्टि की है कि आरोपों की जांच चल रही है।

महिला का ये भी आरोप है कि इस घटना के बाद आरोपी उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा और लंबे समय तक कई बार उसका यौन शोषण किया। शिकायत के मुताबिक, महिला को बाद में पता चला कि आरोपी ने अपनी असली पहचान छिपाकर कोई दूसरा नाम बताया था। इस सच्चाई के सामने आने के बाद महिला ने उससे सारे रिश्ते खत्म कर लिए।

इन्फ्लुएंसर ने यह भी आरोप लगाया है कि जब उसने आरोपी से दूरी बना ली, तो उसके जीजा और एक दूसरे रिश्तेदार ने उससे संपर्क किया और उसे धमकाया। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।