Delhi Metro News: दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन पर सिग्नल फेल होने से यात्रियों को भारी परेशानी हुई। हौज खास से बॉटनिकल गार्डन रूट पर ट्रेनें रुकी रहीं, स्टेशनों पर भीड़ बढ़ी और DMRC ने सर्विस बाधित होने की पुष्टि की।
दिल्ली की रफ्तार मानी जाने वाली मेट्रो बुधवार को अचानक धीमी पड़ गई। ऑफिस टाइम में दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन पर सिग्नलिंग फेल होने से हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्टेशनों पर लंबी भीड़, प्लेटफॉर्म पर इंतजार और ट्रेन के भीतर फंसे यात्रियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगीं।
हौज खास से बॉटनिकल गार्डन की ओर जाने वाली ट्रेन लंबे समय तक रुकी रही, जबकि इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड पर अगली मेट्रो के आने का समय 129 मिनट तक दिखने लगा। इससे यात्रियों में नाराजगी साफ देखने को मिली। हालांकि राहत की बात यह रही कि यह समस्या केवल मैजेंटा लाइन तक सीमित रही और बाकी सभी लाइनों पर सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं।
सिग्नलिंग फेल होने से रुकी मैजेंटा लाइन
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की कि मैजेंटा लाइन पर सिग्नलिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी आई है। DMRC ने अपने आधिकारिक X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर सर्विस अपडेट जारी करते हुए बताया कि कालकाजी मंदिर और बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशनों के बीच ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। पोस्ट में कहा गया कि सिग्नलिंग समस्या के कारण इस सेक्शन में ट्रेन संचालन बाधित हुआ है, जबकि बाकी सभी लाइनों पर सेवाएं सामान्य हैं।
यह भी पढ़ें: West Bengal Election: EVM पर टेप लगाकर रोका गया BJP का वोट? फल्टा में मचा बड़ा चुनावी बवाल
हौज खास से बॉटनिकल गार्डन की ओर फंसी ट्रेन
यात्रियों के अनुसार, हौज खास से बॉटनिकल गार्डन की ओर जाने वाली मेट्रो करीब आधे घंटे से अधिक समय तक रुकी रही। कुछ यात्रियों ने बताया कि ट्रेन की गति बेहद धीमी हो गई थी और करीब 30 मिनट में मेट्रो सिर्फ दो स्टेशनों की दूरी ही तय कर सकी। इस दौरान प्लेटफॉर्म और कोच दोनों जगह भीड़ बढ़ती गई, जिससे यात्रियों को घुटन और असुविधा का सामना करना पड़ा।
ऑटोमैटिक बैरियर नहीं खुलने से बढ़ी दिक्कत
DMRC के मुताबिक, मेट्रो के गेट स्टेशन पर खुल रहे थे, लेकिन गेट के सामने लगे ऑटोमैटिक बैरियर खुलने में तकनीकी बाधा आ रही थी। इस वजह से यात्री न तो आसानी से मेट्रो से उतर पा रहे थे और न ही चढ़ पा रहे थे। यही कारण रहा कि स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ तेजी से बढ़ती गई और व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया।
स्क्रीन बोर्ड पर दिखा ‘Delay’
कई स्टेशनों पर लगे इलेक्ट्रॉनिक स्क्रीन बोर्ड पर “Delay” और “Station Hold” जैसे संदेश दिखाई दिए। इसके साथ यात्रियों के लिए यह संदेश भी फ्लैश हो रहा था “इस यात्रा सेवा में थोड़ा विलंब होगा। इस असुविधा के लिए खेद है।” हालांकि यात्रियों का कहना था कि “थोड़ा विलंब” वास्तव में काफी लंबा इंतजार बन गया था।
सोशल मीडिया पर फूटा यात्रियों का गुस्सा
कई यात्रियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तस्वीरें और वीडियो साझा कर अपनी नाराजगी जाहिर की। कुछ लोगों ने भीड़भाड़ वाले प्लेटफॉर्म की तस्वीरें पोस्ट कीं, तो कुछ ने ट्रेन के अंदर फंसे होने की शिकायत की। ऑफिस जाने वाले यात्रियों, छात्रों और रोजाना सफर करने वालों के लिए यह देरी बड़ी परेशानी बन गई। कई लोगों ने सवाल उठाया कि पीक आवर्स में ऐसी तकनीकी गड़बड़ी से बचने के लिए बैकअप सिस्टम कितना मजबूत है।
बाकी लाइनों पर सेवा सामान्य
DMRC ने स्पष्ट किया कि येलो, ब्लू, रेड, पिंक, वायलेट और अन्य सभी लाइनों पर ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं। समस्या केवल मैजेंटा लाइन के कालकाजी मंदिर से बॉटनिकल गार्डन सेक्शन तक सीमित रही। तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर समस्या को ठीक करने में जुटी रही।
यह भी पढ़ें: UAE ने OPEC से बनाई दूरी! आखिर क्या है ओपेक, कैसे तय होती हैं तेल की कीमतें और दुनिया पर क्या पड़ेगा असर?
