Delhi Police Academy: दिल्ली पुलिस अकादमी में फिजिकल टेस्ट के दौरान एक 23 साल के युवक की दौड़ते समय अचानक गिरकर मौत हो गई। मृतक यूपी के बुलंदशहर का रहने वाला था।

नई दिल्ली: वजीराबाद की दिल्ली पुलिस अकादमी (DPA) में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां फिजिकल एंड्योरेंस एंड मेजरमेंट टेस्ट (PEMT) चल रहा था। इसी दौरान दौड़ लगाते समय 23 साल का एक युवक अचानक जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। इस दिल दहला देने वाली खबर के बाद पुलिस और अकादमी प्रशासन में हड़कंप मच गया।

यूपी में बुलंदशहर का रहने वाला था छात्र

बता दें कि जान गंवाने वाले इस युवक का नाम सौरभ कुमार था। सौरभ यूपी में बुलंदशहर जिले की अनूपशहर तहसील के सलामतपुर गांव (नेता नगर) का रहने वाला था। पुलिस ने बताया कि सोनिया विहार थाने को सुबह करीब 11:11 बजे जेपीसी (JPC) अस्पताल से इस घटना की जानकारी मिली। अस्पताल ने बताया कि वजीराबाद DPA से एक पीसीआर वैन एक युवक को इमरजेंसी वॉर्ड लेकर आई थी, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दौड़ते दौड़ते थम गईं उसकी सांसें

  • लपुलिस के मुताबिक, सौरभ वजीराबाद में चल रहे फिजिकल टेस्ट (PEMT) में हिस्सा लेने आया था। दौड़ते वक्त वह अचानक बेहोश होकर गिर गया। वहां मौजूद टीम ने उसे तुरंत शुरुआती फर्स्ट एड दिया। इसके बाद पीसीआर स्टाफ उसे जेपीसी अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
  • फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी (GTB) अस्पताल भेज दिया गया है। सोनिया विहार थाना पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में और जानकारी का इंतजार है।