दिल्ली में एक महिला से खड़ी स्लीपर बस में गैंगरेप हुआ। पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बस को जब्त कर जांच की जा रही है।
नई दिल्लीः राजधानी दिल्ली में सोमवार को एक महिला के साथ खड़ी स्लीपर बस में कथित तौर पर गैंगरेप किया गया। इस मामले में बस के ड्राइवर और कंडक्टर, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा- एक बार फिर दिल्ली में निर्भया जैसा कांड रिपीट हुई है। राजधानी में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ रही हैं। एलजी और कमिश्नर के पास हमसे मिलने का टाइम नहीं है। वहीं महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि बस के अंदर दो लोगों ने उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। यह घटना सोमवार रात दिल्ली के रानी बाग इलाके में हुई। पीड़िता मंगोलपुरी की एक फैक्ट्री में काम करती है और पीतमपुरा की एक झुग्गी बस्ती में रहती है।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि जिस बस में यह घटना हुई, उसे जब्त कर लिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच अभी जारी है और हर एंगल से पड़ताल की जा रही है।
न्यूज एजेंसी IANS के अनुसार, 11 मई को महिला हमेशा की तरह काम के बाद घर लौट रही थी, तभी सरस्वती विहार बस स्टॉप पर एक स्लीपर बस आकर रुकी। महिला ने बस के दरवाजे पर खड़े एक शख्स से समय पूछने के लिए बात की, जिसके बाद उसे कथित तौर पर जबरदस्ती बस के अंदर खींच लिया गया। पुलिस ने बताया कि इसके बाद आरोपी बस को नांगलोई ले गए, जहां कथित तौर पर महिला के साथ गैंगरेप किया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। उसकी मेडिकल जांच के बाद शिकायत दर्ज की गई और आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया। मामले में आगे की जांच चल रही है।
यह घटना 2012 के दिल्ली बस गैंगरेप केस की याद दिलाती है, जिसे निर्भया कांड के नाम से जाना जाता है। 16-17 दिसंबर की रात को दक्षिण दिल्ली में एक चलती बस में 23 साल की पैरामेडिक छात्रा के साथ छह लोगों ने बेरहमी से गैंगरेप किया था। बाद में उन्होंने उसे सड़क पर फेंक दिया था। गंभीर चोटों के कारण 29 दिसंबर को सिंगापुर के माउंट एलिजाबेथ अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी।
