डेल टेक्नोलॉजी ने FY2026 में बिना बड़ी घोषणा के 11,000 कर्मचारियों की छंटनी की। यह कुल वर्कफोर्स का 10% है। कर्मचारियों की संख्या 108,000 से घटकर 97,000 रह गई। कंपनी ने सेवरेंस पर $569 मिलियन खर्च किए।
नई दिल्ली। डेल टेक्नोलॉजी (Dell Technologies) ने वित्त वर्ष 2026 के दौरान गुपचुप तरीके से अपने ग्लोबल वर्कफोर्स में करीब 11,000 कर्मचारियों की कटौती कर दी है। अपनी ताजा वार्षिक 10-K फ़ाइलिंग में, कंपनी ने बताया कि यह कटौती उसके कुल स्टाफ का लगभग 10 प्रतिशत है, जिससे कर्मचारियों की संख्या जनवरी 2025 के लगभग 108,000 से घटकर 31 जनवरी 2026 तक करीब 97,000 रह गई है। हालांकि, डेल ने इन छंटनियों के बारे में कोई बड़ी सार्वजनिक घोषणा नहीं की, लेकिन फाइलिंग में बताया गया है कि कंपनी ने सेवरेंस पर $569 मिलियन खर्च किए। कंपनी ने इस कदम को अपनी चल रही "डिसिप्लिंड कास्ट मैनेजमेंट" रणनीति का हिस्सा बताया है।
कॉस्ट मैनेजमेंट और बिजनेस मॉडर्नाइजेशन पर फोकस
डेल ने कहा कि कर्मचारियों की संख्या में कमी उसके व्यापक प्रयासों का हिस्सा है, जिसमें कंपनी अपने कामकाज को आधुनिक बना रही है, खर्चों को बेहतर तरीके से मैनेज कर रही है और संसाधनों को अपनी लंबी अवधि की व्यावसायिक प्राथमिकताओं के अनुसार ढाल रही है। खासतौर पर, कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और एंटरप्राइज़ इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़े निवेश कर रही है।
कंपनी बोली-खर्च कम करने के लिए कदम उठाना जरूरी
डेल ने अपनी फाइलिंग में कहा, “पूरे वित्त वर्ष 2026 में हम अपने बिजनेस मॉडर्नाइजेशन के साथ तालमेल रखते हुए खर्च के डिसिप्लिंड मैनेजमेंट के प्रति कमिटेड रहे। हमने खर्च कम करने के लिए कई कदम उठाए, जैसे कर्मचारियों का पुनर्गठन, बाहरी भर्ती पर रोक और निवेश को रणनीतिक व ग्राहक प्राथमिकताओं के अनुसार ढालना।” कंपनी ने यह भी कहा कि तेजी से बदलते टेक बाजार में कॉम्पिटीशन में बने रहने के लिए ऐसे कदम उठाना जरूरी है।
3 साल में 27% लोगों को नौकरी से निकाला
डेल में कर्मचारियों की संख्या में कमी कोई नई बात नहीं है। यह पिछले कुछ सालों से जारी ट्रेंड का हिस्सा है।
- 2023 में लगभग 133,000 कर्मचारी
- 2024 में लगभग 120,000 कर्मचारी
- 2025 में लगभग 108,000 कर्मचारी
- 2026 में घटकर लगभग 97,000 कर्मचारी
यानी पिछले तीन साल में कंपनी के वर्कफोर्स में करीब 27 प्रतिशत की कमी आई है, जो 36,000 से ज्यादा नौकरियों के खत्म होने के बराबर है।
टेक इंडस्ट्री में बढ़ती छंटनी का ट्रेंड
डेल की यह छंटनी ऐसे समय में हुई है, जब पूरी टेक इंडस्ट्री में लागत कम करने और AI में निवेश बढ़ाने के चलते नौकरियां कम की जा रही हैं। Layoffs.fyi के डेटा के अनुसार, 2026 में अब तक करीब 66 टेक कंपनियों ने 39,000 से ज्यादा नौकरियां खत्म की हैं।
Meta, Atlassian और Block भी कर रहीं कटौती
रिपोर्ट्स के अनुसार, Meta भी छंटनी की योजना बना रही है, जिससे उसके कई कर्मचारी प्रभावित हो सकते हैं। वहीं, Atlassian ने AI बेस्ड भूमिकाओं की ओर शिफ्ट के तहत करीब 1600 नौकरियां खत्म करने की योजना बनाई है, जो उसके कुल स्टाफ का लगभग 10% है। इसके अलावा Block भी AI दक्षता पर फोकस करते हुए अपने करीब 40% कर्मचारियों, यानी लगभग 4000 लोगों की छंटनी कर रहा है।


