दिशा सालियन केस में CBI FIR पर संजय राउत ने सवाल उठाए और इसे ठाकरे परिवार की छवि खराब करने की राजनीतिक साजिश बताया।
शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने दिशा सालियन मामले में CBI की ओर से दर्ज FIR को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह FIR ठाकरे परिवार की छवि खराब करने की कोशिश का हिस्सा है। पत्रकारों से बातचीत में राउत ने कहा कि दिशा सालियन की मौत के मामले में आया नया मोड़ एक 'राजनीतिक साजिश' है। उन्होंने कहा कि इस मामले को जिस तरह कोर्ट में ले जाया गया और उसके बाद जांच CBI को सौंपी गई, उसके पीछे साजिश है।
'कोर्ट के आदेश में किसी का नाम नहीं'
संजय राउत ने कहा कि कोर्ट के आदेश में खास तौर पर CBI जांच की बात कही गई थी, लेकिन किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिया गया था। इसके बावजूद मीडिया में कुछ लोगों के नाम लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से मामला कोर्ट में पहुंचा और फिर CBI जांच का आदेश हुआ, वह एक साजिश का हिस्सा है। राउत के मुताबिक, आदेश में किसी व्यक्ति को आरोपी नहीं बताया गया था।
CBI FIR में किसी आरोपी का नाम नहीं
राउत का यह बयान उस समय आया है जब CBI ने दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर रहीं दिशा सालियन की मौत के मामले में FIR दर्ज की है। दिशा के पिता की याचिका पर बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देश के बाद दर्ज FIR में किसी आरोपी का नाम नहीं लिया गया है। CBI इस FIR के आधार पर दिशा सालियन की मौत के मामले में लगाए गए कथित गैंगरेप, हत्या और मामले को छिपाने की कोशिश जैसे आरोपों की भी जांच करेगी।

आदित्य ठाकरे को निशाना बनाने का आरोप
संजय राउत ने आरोप लगाया कि CBI जांच का इस्तेमाल आदित्य ठाकरे को निशाना बनाने के लिए एक हथियार के तौर पर किया जा रहा है। आदित्य ठाकरे महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार पर अलग-अलग जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार सवाल उठाते रहे हैं। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, राउत ने कहा कि यह ठाकरे परिवार की छवि खराब करने के लिए दिल्ली की राजनीतिक साजिश है। उन्होंने दावा किया कि ठाकरे परिवार लोगों के दिलों में बसता है।
मराठा आरक्षण आंदोलन से ध्यान भटकाने का आरोप
राज्यसभा सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि दिशा सालियन केस की FIR के जरिए मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे के आंदोलन से लोगों का ध्यान हटाने की कोशिश की जा रही है। राउत ने यह भी दावा किया कि संसद में परिसीमन बिल का समर्थन करने के लिए शिवसेना (UBT) पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।
क्या है दिशा सालियन केस?
- दिशा सालियन ने कुछ समय तक अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर के तौर पर काम किया था।
- 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक रिहायशी इमारत की 12वीं मंजिल से गिरने के बाद उनकी मौत हो गई थी।
- उस समय दिशा की उम्र 28 साल थी। दिशा सालियन की मौत को पहले दुर्घटना से हुई मौत के तौर पर दर्ज किया गया था।
- बाद में इसे आत्महत्या के तौर पर दर्ज किया गया। हालांकि, दिशा की मौत के करीब एक सप्ताह बाद, 14 जून 2020 को अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत अपने बांद्रा स्थित घर में मृत पाए गए।
- दोनों घटनाओं के बीच कम समय का अंतर होने के कारण दिशा सालियन और सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बीच संभावित संबंध को लेकर कई तरह की अटकलें सामने आईं।
- अब CBI द्वारा दर्ज FIR के बाद दिशा सालियन की मौत से जुड़े आरोपों की जांच फिर चर्चा में है।


