Trump Xi Summit: चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग एक दशक से अधिक समय बाद व्हाइट हाउस का दौरा कर रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि चीन के साथ उनके रिश्ते अच्छे हैं और इस मुलाकात में कई अहम समझौते हो सकते हैं।

America China Relations: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की आगामी अमेरिका यात्रा से पहले दोनों देशों के रिश्तों को लेकर सकारात्मक बयान दिया है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका का चीन के साथ संबंध फिलहाल अच्छा चल रहा है और उन्हें उम्मीद है कि शी के व्हाइट हाउस दौरे के दौरान कई अहम समझौते हो सकते हैं। शी 24 सितंबर को वाशिंगटन पहुंचेंगे।

ट्रंप बोले- शी के साथ अच्छे हैं रिश्ते

ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि उनके और शी जिनपिंग के बीच लंबे समय से अच्छे संबंध रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं की बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी और कई अलग-अलग डील पर सहमति बनने की उम्मीद है। ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका और चीन के बीच बातचीत अच्छे माहौल में आगे बढ़ रही है।

एक दशक बाद व्हाइट हाउस पहुंचेंगे शी

शी जिनपिंग की यह यात्रा खास मानी जा रही है, क्योंकि एक दशक से अधिक समय बाद वह व्हाइट हाउस पहुंचेंगे। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, शी का स्वागत जॉइंट बेस एंड्रयूज पर किया जाएगा और ट्रंप खुद वहां उनका स्वागत कर सकते हैं। इसके बाद व्हाइट हाउस में औपचारिक स्वागत, सैन्य समारोह और द्विपक्षीय वार्ता का कार्यक्रम है।

टैरिफ पर भी होगी अहम बातचीत

ट्रंप और शी की बैठक में व्यापार और आयात शुल्क प्रमुख मुद्दों में शामिल रहेंगे। दोनों देशों के बीच टैरिफ को लेकर बनी मौजूदा व्यवस्था नवंबर में समाप्त होने वाली है। ऐसे में आगे की व्यापार नीति और नए शुल्कों को लेकर बातचीत पर बाजारों की नजर रहेगी।

ट्रंप ने हालिया बातचीत में याद दिलाया कि एक समय चीन से आने वाले सामान पर अमेरिकी टैरिफ 145 प्रतिशत तक पहुंच गया था। बाद में इसमें कमी की गई। अब दोनों देश व्यापारिक तनाव को नियंत्रित रखने और आगे की व्यवस्था पर बातचीत कर रहे हैं।

AI और चिप्स भी एजेंडे में

व्यापार के अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर और तकनीक से जुड़े मुद्दे भी बैठक में अहम रह सकते हैं। अमेरिका और चीन के बीच तकनीकी प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ी है और दोनों देश AI तथा उन्नत चिप तकनीक में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।

रेयर अर्थ और सप्लाई चेन पर भी नजर

दुर्लभ खनिज यानी रेयर अर्थ भी दोनों देशों के बीच बातचीत का महत्वपूर्ण विषय हो सकता है। इन खनिजों का इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक्स, बैटरी और कई हाई-टेक उत्पादों में होता है। इसलिए इस मुद्दे पर किसी भी समझौते का असर वैश्विक सप्लाई चेन पर पड़ सकता है।

ताइवान सबसे संवेदनशील मुद्दों में शामिल

अमेरिका और चीन के रिश्तों में ताइवान लंबे समय से सबसे संवेदनशील मुद्दों में रहा है। आगामी बैठक में व्यापार और तकनीक के साथ इस विषय पर भी दोनों पक्षों की नजर रहेगी। इसके अलावा फेंटेनाइल से जुड़े रसायनों की आपूर्ति, चीन में हिरासत में लिए गए अमेरिकी नागरिकों और अन्य द्विपक्षीय मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है।

दुनिया की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा असर

ट्रंप-शी मुलाकात के नतीजे केवल अमेरिका और चीन तक सीमित नहीं रहेंगे। दोनों देशों के बीच टैरिफ, चिप्स और रेयर अर्थ को लेकर किसी भी नए फैसले का असर वैश्विक व्यापार, तकनीकी उद्योग और सप्लाई चेन पर पड़ सकता है। ऐसे में भारत समेत कई अर्थव्यवस्थाएं इस बैठक के नतीजों पर नजर रख रही हैं।