Donald Trump Jr: डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ईरान में अमेरिकी सेना के दखल के सख्त खिलाफ हैं। उन्होंने अपने पिता डोनाल्ड ट्रंप को प्राइवेट में अपनी नाराजगी जता दी है। हालांकि, करीबी सूत्रों का कहना है कि जूनियर ट्रंप इस मतभेद को पब्लिक नहीं करना चाहते थे।

Donald Trump Iran Policy: ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य कार्रवाई को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के परिवार में भी मतभेद सामने आने की खबर है। अमेरिकी पत्रिका द अटलांटिक की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ईरान में सैन्य हस्तक्षेप के सख्त खिलाफ हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर अपने पिता से निजी तौर पर असहमति जताई थी।

ईरान युद्ध पर पिता से अलग है ट्रंप जूनियर का रुख

द अटलांटिक ने डोनाल्ड ट्रंप जूनियर के करीबी सूत्रों के हवाले से बताया कि वह नहीं चाहते कि अमेरिका पश्चिम एशिया में किसी नए सैन्य संघर्ष का हिस्सा बने। रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को लेकर राष्ट्रपति ट्रंप से निजी बातचीत में अपना विरोध जाहिर किया था। हालांकि, उनके करीबियों का कहना है कि जूनियर ट्रंप इस मतभेद को सार्वजनिक नहीं करना चाहते थे।

डोनाल्ड ट्रंप जूनियर लंबे समय से दूसरे देशों में अमेरिकी सैन्य हस्तक्षेप के विरोधी रहे हैं। उनका मानना है कि अमेरिका को विदेशी संघर्षों में उलझने के बजाय अपने देश के हितों को प्राथमिकता देनी चाहिए।

चुनावी वादे की याद दिला रहा ईरान युद्ध

रिपोर्ट के मुताबिक, 2024 के राष्ट्रपति चुनाव प्रचार के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने पश्चिम एशिया में नए सैन्य संघर्षों से दूर रहने का वादा किया था। उनके बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने भी इस रुख का समर्थन किया था। ऐसे में ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को लेकर उनके विरोध की चर्चा तेज हो गई है।

MAGA आंदोलन में भी उभरे मतभेद

ईरान युद्ध के मुद्दे पर ट्रंप के समर्थकों के बीच भी मतभेद सामने आने की खबरें हैं। राष्ट्रपति ट्रंप के 'मेक अमेरिका ग्रेट अगेन' (MAGA) आंदोलन में एक धड़ा विदेशी सैन्य हस्तक्षेप को अमेरिका के हितों के खिलाफ मानता है। वहीं, दूसरा धड़ा देश के विरोधियों के खिलाफ सख्त सैन्य कार्रवाई का समर्थन करता है।

जेडी वेंस भी सैन्य हस्तक्षेप के खिलाफ?

रिपोर्टों के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप जूनियर के अलावा उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी विदेशी सैन्य हस्तक्षेप को लेकर सतर्क रुख रखते हैं। बताया गया है कि वेंस ने भी इजरायल के साथ मिलकर ईरान के खिलाफ की गई सैन्य कार्रवाई पर निजी तौर पर असहमति जताई थी।

हालांकि, इन कथित निजी मतभेदों को लेकर सामने आई जानकारी मीडिया रिपोर्टों और सूत्रों पर आधारित है। इससे स्पष्ट होता है कि ईरान युद्ध को लेकर ट्रंप समर्थक खेमे में विदेश नीति और सैन्य हस्तक्षेप के सवाल पर बहस तेज हो गई है।