Grand Canyon Flood: अमेरिका के एरिजोना में मशहूर ग्रैंड कैनियन नेशनल पार्क में भारी बारिश के बाद अचानक बाढ़ आ गई है। इस घटना में 15 लोग लापता बताए जा रहे हैं, जबकि 62 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। पैदल चलने वालों के लिए बने पुल बह जाने से रास्ते बंद हो गए हैं।

Arizona flash flood: अमेरिका के एरिजोना में मौजूद मशहूर ग्रैंड कैनियन नेशनल पार्क में अचानक बाढ़ आ गई है। इस वजह से करीब 15 लोग लापता हो गए हैं, जबकि 62 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। बताया जा रहा है कि इलाके में लगातार हुई तेज बारिश के बाद ब्राइट एंजेल कैनियन और फैंटम रैंच जैसे इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए।

बाढ़ का पानी इतनी तेजी से आया कि पैदल चलने वालों के लिए बने कई पुल बह गए। इससे यात्रियों और ट्रेकिंग करने वालों के रास्ते पूरी तरह बंद हो गए। बाढ़ का पानी भरते ही खतरे को भांपते हुए कई यात्रियों को हेलिकॉप्टर की मदद से एयरलिफ्ट किया गया। लापता लोगों की तलाश अभी भी जारी है।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अगर उनके पास इन इलाकों में बैकपैकिंग या ट्रेकिंग के लिए गए किसी व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी है, तो वे जरूर बताएं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इलाके में अभी और तेज बारिश हो सकती है। पार्क अधिकारियों के मुताबिक, प्रति घंटे एक इंच तक बारिश होने की आशंका है, जिससे और बाढ़, भूस्खलन और चट्टानें गिरने का खतरा बढ़ गया है।