UP News: क्या यूपी चुनाव के बाद आपकी नागरिकता और गैस कनेक्शन छिन सकता है? समाजवादी पार्टी चीफ अखिलेश यादव ने वोटर लिस्ट, फॉर्म 7 और SIR को लेकर बड़ा दावा किया है।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव (UP Election 2027) से पहले सियासी घमासान तेज हो चुका है। वोटर लिस्ट, फॉर्म 7 और SIR को लेकर यूपी की राजनीति गरमा गई है। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग (Election Commission) और सत्ताधारी दल बीजेपी को कटघरे में खड़ा किया है। सपा प्रमुख ने दावा किया है कि वोटर लिस्ट से नाम कटने का मतलब सिर्फ वोटिंग से वंचित होना नहीं है, बल्कि चुनाव के बाद आम आदमी की नागरिकता और गरीबों से राशन-गैस जैसी सरकारी सुविधाएं भी छिन सकती हैं। आइए जानते हैं कि अखिलेश यादव ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में किन 5 बड़े मुद्दों पर वार किया है...
'1.27 करोड़ हिंदू वोट गायब, सीएम को कैसे पता'
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक एक बयान का हवाला देते हुए बड़ा सवाल उठाया। अखिलेश ने कहा, 'सीएम कह रहे हैं कि 1.27 करोड़ हिंदुओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब हैं। सवाल ये है कि मुख्यमंत्री को ये बात कैसे पता चली? क्या चुनाव आयोग ने यह पूरा डेटा सीधा मुख्यमंत्री कार्यालय (CM Office) को दे दिया है?' सपा चीफ ने कहा कि हर विधानसभा में औसतन 31,000 वोट कम हुए हैं, जिसका मतलब है कि सत्ताधारी पार्टी वोटिंग से पहले ही चुनाव हार चुकी है।
फॉर्म 7 और फर्जी वोटों का 'खेल'
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश ने आरोप लगाया कि 'फॉर्म 7' के जरिए जानबूझकर फर्जी वोट बढ़ाए जा रहे हैं और असली वोटरों के नाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा, 'सपा कार्यकर्ताओं ने फॉर्म 7 के जरिए हो रही बेईमानी को पकड़ा और रुकवाया। अब सरकार फर्जी वोट बढ़ाने के लिए फॉर्म 6 में बदलाव कर रही है।' उन्होंने ये भी आशंका जताई कि दूसरे राज्यों के लोगों को बुलाकर यूपी की वोटर लिस्ट में शामिल किया जा सकता है।
छिन सकती है नागरिकता और सरकारी योजनाएं
अखिलेश यादव ने सबसे बड़ा डर आम जनता की सुविधाओं को लेकर जताया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, 'अगर आपका नाम वोटर लिस्ट में नहीं है, तो आपकी नागरिकता छीनने की भी साजिश हो सकती है। इसके बाद गरीबों को मिलने वाली सारी सरकारी योजनाएं छिन जाएंगी। बच्चों का मिड-डे मील (Mid-Day Meal), गैस कनेक्शन, आवास और यहां तक कि बैंक अकाउंट भी सीज हो सकते हैं।'
आधार को वोटर लिस्ट से जोड़ें-अखिलेश यादव
इस पूरी गड़बड़ी को रोकने के लिए सपा प्रमुख ने चुनाव आयोग को एक सुझाव भी दिया है। अखिलेश ने कहा, 'डिजिटल इंडिया के इस दौर में लगभग सभी के पास आधार कार्ड (Aadhaar Card) और बायोमेट्रिक मौजूद है। चुनाव में हेराफेरी रोकने के लिए तुरंत वोटर लिस्ट को आधार से जोड़ दिया जाना चाहिए।'
यूपी से ही बीजेपी वाले खदेड़े जाएंगे"
प्रेस कॉन्फ्रेंस के आखिर में अखिलेश यादव पूरे राजनीतिक तेवर में नजर आए। उन्होंने दावा किया कि 'जो लोग यूपी से आए थे, वो यूपी से ही बाहर जाएंगे। अगर यूपी की जनता ने कभी उनका स्वागत किया था, तो अब बहुत शानदार तरीके से विदाई भी करेगी।'
अखिलेश यादव की पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस यहां सुनिए







