गाजियाबाद में तीन नाबालिग बहनों की आत्महत्या के मामले में पिता ने बड़ा दावा किया है। उनके मुताबिक, बेटियां कोरियन कल्चर और K-ड्रामा की लत में थीं और उन्हें कोरिया भेजने की जिद कर रही थीं। ऐसा न करने पर मरने की धमकियां देती थीं।  

Ghaziabad Sisters Suicide Case Latest News: गाजियाबाद में नौवीं मंजिल से कूदकर जान देने वाली तीन नाबालिग बहनों के मामले में अब उनके पिता ने बेटियों की मानसिक स्थिति और सोच को लेकर अहम बातें सामने रखी हैं। पिता का कहना है कि लड़कियां पूरी तरह कोरियन कल्चर की आदी हो चुकी थीं और लगातार कोरिया ले जाने की जिद कर रही थीं।

सुसाइड नोट में कोरियन कल्चर से जुड़ा गहरा लगाव

सुसाइड नोट में लड़कियों ने कोरियन चीजों के लिए अपने गहरे प्यार का जिक्र किया और आरोप लगाया कि उनके माता-पिता उन्हें कोरियन कल्चर से दूर रखने की कोशिश कर रहे थे। यही वजह थी कि उन्होंने अपने नाम बदलकर मारिया, एलिजा और सिंडी रख लिए थे। इतना ही नहीं, सोशल मीडिया पर उनके अकाउंट्स के अच्छे-खासे फॉलोअर्स भी थे।

कोरियन कल्चर ने मेरे बच्चों को मार डाला

लड़कियों के पिता चेतन कुमार ने कहा कि उनकी बेटियों का कोरियन कल्चर के प्रति जुनून खतरनाक लेवल तक पहुंच गया था। मेरे बच्चों ने अपनी अलग कोरियन पर्सनैलिटी बना ली थी। वे लगातार कहती थीं कि हमें कोरिया जाना है। इंडियन चीजों का नाम सुनते ही उन्हें गुस्सा आ जाता था। वे इंडियन नाम वाला खाना तक नहीं खाती थीं।

मोबाइल फोन और कोरियन ड्रामा को लेकर बढ़ा तनाव

पिता के मुताबिक, लड़कियां पिछले तीन-चार साल से लगातार कोरियन ड्रामा और वीडियो देख रही थीं। अगर उनके मोबाइल ले लिए जाते, तो वे खाना तक नहीं खाती थीं। आत्महत्या वाली रात भी वे आधी रात तक मोबाइल चला रही थीं।

कोरिया न भेजने पर मरने की धमकी देती थीं बेटियां

चेतन कुमार ने दावा किया कि बेटियां बार-बार कहती थीं कि अगर उन्हें कोरिया नहीं जाने दिया गया तो वे मर जाएंगी। उस रात हमने 8 बजे और फिर 10 बजे बात की थी। मैं उन्हें लगातार समझाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वे सुनने को तैयार नहीं थीं।

2 करोड़ के कर्ज को आत्महत्या से जोड़ना गलत

पिता पर 2 करोड़ रुपये के कर्ज की खबरों को लेकर उन्होंने साफ कहा कि इसका बेटियों की आत्महत्या से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने यह भी खारिज किया कि COVID-19 के बाद लड़कियों के स्कूल न जाने की वजह आर्थिक तंगी थी।

कैसा है फैमिली बैकग्राउंड?

चेतन कुमार ने 17 साल पहले पहली शादी की थी। बच्चे न होने पर उन्होंने पहली पत्नी की छोटी बहन से दूसरी शादी की। बाद में पहली पत्नी भी प्रेग्नेंट हुईं। पहली पत्नी से उनके एक बेटा और एक बेटी हैं, जबकि दूसरी पत्नी से तीन बेटियां थीं, जिन्होंने आत्महत्या की। पुलिस ने बताया कि सुसाइड नोट और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की पूरी वजह समझी जा सके। मामले में आगे की जांच जारी है।

नौवीं मंजिल से कूदकर तीन बहनों की मौत

बता दें कि 16 साल की निशिका, 14 साल की प्राची और 12 साल की पाखी ने बुधवार 4 फरवरी देर रात करीब 2 बजे गाजियाबाद की भारत सिटी टाउनशिप की 9वीं मंजिल पर स्थित अपने फ्लैट की खिड़की से एक के बाद एक छलांग लगा दी थी। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक, लड़कियों ने अपने पीछे 8 पन्नों का सुसाइड नोट छोड़ा है।