Jewar Bus Fire : ग्रेटर नोएडा में जेवर एयरपोर्ट के पास स्लीपर AC बस में आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई। वहीं पुलिस ने ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर आरोप है कि धुएं और आग की बदबू आने पर भी ड्राइवर-कंडक्टर सिगरेट पीते रहे और बस नहीं रोकी।
बुधवार देर रात ग्रेटर नोएडा के जेवर इलाके में यमुना एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से आ रही एक प्राइवेट स्लीपर AC बस में अचानक भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में 8 पुरुष और 1 महिला समेत कुल 9 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई है। इस अग्निकांड का दृश्य इतना खौफनाक था कि यात्रियों ने खिड़की तोड़कर कूदकर अपनी जान बचाई। वहीं जो अंदर रह गए, उनके जलकर कंकाल बन चुके थे। शवों की हालत इतनी भयानक है कि उनकी . पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
आग की लपटों में घिरे यात्री चीखते रहे…ड्राइवर दौड़ाता रहा बस
बता दें कि बस पूरी तरह से खचाखच भरी थी। इसलिए और लोगों को आग के वक्त बाहर निकलने में दिक्कत हुई। यह बस मध्य प्रदेश के राज कल्पना ट्रैवल्स की बताई जा रही है। जिसको ड्राइवर पवन चला रहा था और कंडक्टर योगेश था। वहीं इस बस में यात्रा कर रहे हमीरपुर के एक ने आरोप लगाया कि आग लगने के बाद ड्राइवर बस नहीं रोक रहा था। हम चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन उसने किसी की एक नहीं सुनी। तब कहीं जाकर मैंने और अन्य यात्रियों ने शीशे तोड़ने शुरू किए, उसके बाद उसने बस रोकी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
बस में लगी आग और ड्राइवर पी रहा था सिगरेट
जेवर पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर (FIR) के मुताबिक, बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। कुछ यात्रियों को ड्राइवर के केबिन से जलने की बदबू आई, तो उन्होंने तुरंत ड्राइवर और कंडक्टर को इसकी जानकारी दी। एफआईआर में आरोप है कि दोनों ने बस रोकने के बजाय केबिन के अंदर सिगरेट पीना जारी रखा।
कई तो नींद में ही जलकर बन चुके थे कंकाल?
बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से साढ़े 9 बजे महोबा के लिए निकली थी। लेकिन रात साढ़े 11 बजे जेवर एयरपोर्ट से 500 मीटर जेवर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर पहुंचते ही बस आग का गोला बन गई। जो यात्री किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल पाए, उन्होंने अंदर का खौफनाक मंजर बयां किया। एएनआई से बात करते हुए चश्मदीदों ने बताया कि कैसे बस के अंदर अफरातफरी मच गई थी। दम घोंटने वाला धुआं भर गया था और भगदड़ जैसे हालात बन गए थे। जब आग लगी, तब ज्यादातर यात्री गहरी नींद में सो रहे थे।


