Yamuna Expressway News: ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से आ रही एक बस में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है। जान बचाकर निकले यात्रियों ने बस के अंदर मचे खौफनाक मंजर और भगदड़ की आपबीती सुनाई है।

Greater Noida Bus Accident: ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से आ रही एक यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में एक महिला समेत 9 यात्रियों की मौत हो गई। जेवर पुलिस के मुताबिक, मृतकों में आठ पुरुष और एक महिला शामिल हैं। हादसा ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में हुआ।

चलती बस में अचानक भड़की आग

हादसे के समय बस यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी। बताया जा रहा है कि ज्यादातर यात्री उस वक्त सो रहे थे। अचानक बस में आग लगने के बाद अंदर अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते बस धुएं से भर गई और यात्रियों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया। जो यात्री किसी तरह बस से बाहर निकलने में सफल रहे, उन्होंने हादसे के दौरान के भयावह हालात बताए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद कुछ ही पलों में बस के अंदर घना धुआं भर गया था।

'नींद खुली तो चारों तरफ धुआं था'

एक यात्री ने बताया कि वह बस में सो रहा था। तभी किसी ने उसे जगाकर बस में आग लगने की जानकारी दी। इसके बाद यात्री बाहर निकलने के लिए भागने लगे। लेकिन धुआं इतना ज्यादा था कि रास्ता दिखाई नहीं दे रहा था। यात्री के मुताबिक, बस पूरी तरह भरी हुई थी और लोग घबराकर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान किसी तरह रास्ता बनाकर कुछ यात्री बस से बाहर निकल पाए।

Scroll to load tweet…

दरवाजा पीटने की आवाज से खुली नींद

एक महिला यात्री ने बताया कि वह गहरी नींद में थीं। अचानक दरवाजा पीटने और लोगों की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली। जब उन्होंने उठकर देखा तो बस के अंदर भारी भीड़ थी और लोग बाहर निकलने के लिए एक-दूसरे को धक्का दे रहे थे। महिला ने बताया कि उन्होंने अपना कोई सामान नहीं उठाया। यहां तक कि जूते भी नहीं पहने और सिर्फ मोबाइल लेकर बाहर की ओर भागीं। भीड़ के बीच उन्हें धक्के लगे और बाद में किसी व्यक्ति ने उन्हें खींचकर बाहर निकाला।

जहरीले धुएं ने बढ़ाई मुश्किल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग के बाद बस के अंदर धुआं तेजी से फैल गया। कुछ ही देर में हालात ऐसे हो गए कि यात्रियों को सामने का रास्ता तक दिखाई नहीं दे रहा था। दमघोंटू धुएं के बीच बाहर निकलने की कोशिश में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। बाहर निकलने वाले यात्रियों ने बताया कि कई लोग बस के अंदर फंसे रह गए। कुछ यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका और इसी वजह से उनकी जान चली गई।

9 यात्रियों की मौत, जांच में जुटी पुलिस

जेवर पुलिस ने हादसे में 9 लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में एक महिला और आठ पुरुष शामिल हैं। हादसे के बाद पुलिस और संबंधित एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। फिलहाल आग लगने की सटीक वजह और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाना शुरू कर दिया है।