मोरबी में ₹2000 किराया न दे पाने पर पति ने कथित तौर पर पत्नी व 13 वर्षीय बेटी का मकान मालिक से रेप करवाया। इस मामले में पति और मकान मालिक गिरफ्तार हो गए हैं। पुलिस POCSO एक्ट के तहत जांच कर रही है।

गुजरात के मोरबी जिले से एक ऐसी खबर आई है, जिसे सुनकर किसी का भी दिल दहल जाए। पुलिस ने खुलासा किया है कि एक आदमी ने कथित तौर पर सिर्फ 2000 रुपये महीने का किराया नहीं चुका पाने की वजह से अपनी पत्नी और 13 साल की बेटी का मकान मालिक और उसके एक रिश्तेदार से बार-बार रेप करवाया। इस घटना के सामने आने के बाद चारों तरफ गुस्सा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़ितों की मां और दादी ने 1 मई को मोरबी सिटी ए डिवीजन पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट (POCSO) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

काम के लिए मोरबी आया था परिवार

पुलिस ने बताया कि यह परिवार करीब छह महीने पहले काम की तलाश में मोरबी आया था। उन्होंने 2000 रुपये महीने पर एक घर किराए पर लिया था। जांच करने वाले अधिकारियों का कहना है कि किराएदार के बिजनेस को नुकसान हुआ और उस पर किराए का बकाया चढ़ता गया। शिकायत में कहा गया है कि मकान मालिक ने परिवार की इसी आर्थिक तंगी का फायदा उठाया। पुलिस का आरोप है कि पति इस घिनौने काम के लिए राजी हो गया, जिसके बाद मकान मालिक ने महिला और उसकी बेटी के साथ बार-बार रेप किया। घटना के वक्त लड़की की उम्र 13 साल 7 महीने बताई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, यह वारदात किराए के घर, मकान मालिक के घर और टंकारा में एक और जगह पर हुई। मकान मालिक के रिश्तेदार पर भी महिला से रेप का आरोप है।

आरोपी गिरफ्तार, बाकी फरार

मोरबी सिटी ए डिवीजन के पुलिस इंस्पेक्टर वाई. बी. जडेजा ने TOI को बताया कि किराएदार पति को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था और वह फिलहाल जेल में है। 55 साल के मकान मालिक को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया और बाद में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि मकान मालिक के उन रिश्तेदारों की तलाश की जा रही है, जिन्होंने इस जुर्म में मदद की और अब फरार हैं। जांच अधिकारियों ने पुष्टि की है कि पीड़ितों और आरोपियों की मेडिकल जांच पूरी हो चुकी है, साथ ही वैज्ञानिक सबूत और क्राइम सीन से जुड़े दस्तावेज भी जुटा लिए गए हैं। इस मामले को लेकर ऑनलाइन भी लोगों में भारी गुस्सा है और कई तरह की चिंताएं जताई जा रही हैं।