गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड हिट एंड रन मामले में कोर्ट ने आरोपी कल्याण बैंसला और लवनीश को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अदालत के आदेश के बाद पुलिस दोनों आरोपियों को अपने साथ ले गई।
नई दिल्ली: गुरुग्राम के चर्चित गोल्फ कोर्स रोड हिट एंड रन केस में बुधवार को एक नया अपडेट आया। जिला अदालत ने इस मामले के दोनों आरोपियों, कल्याण बैंसला और लवनीश को दो दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। यह जानकारी आरोपियों के वकील ललित बिंदल ने दी। वकील ने बताया कि उन्होंने पुलिस रिमांड का विरोध किया था। उनका तर्क था कि पुलिस को पूछताछ के लिए पहले ही काफी समय मिल चुका है। हालांकि, सिविल जज निधि बेनीवाल की अदालत ने उनकी आपत्तियां दर्ज करने के बाद दोनों आरोपियों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दे दिया।
वकील की आपत्ति…लेकिन कोर्ट ने सुना दिया फैसला
- बिंदल ने कहा, "कोर्ट ने दो दिन की पुलिस कस्टडी मंजूर की है। हमने इसका विरोध करते हुए कहा था कि पुलिस के पास पर्याप्त समय था। हमने अपनी आपत्ति दर्ज करा दी है और कोर्ट ने अपना फैसला सुना दिया।"
- अदालत के आदेश के बाद गुरुग्राम पुलिस दोनों आरोपियों को अपने साथ ले गई।
- दूसरी तरफ, इस हादसे का शिकार हुईं सिया का मेडिकल चेकअप चल रहा है ताकि उनकी चोटों का सही अंदाजा लग सके। सिया ने एएनआई को बताया कि शरीर में तेज दर्द की वजह से उन्होंने ईसीजी और एक्स-रे जैसे कई टेस्ट करवाए हैं।
अब कैसी है बाइकर सिया की हालत
- सिया ने कहा, "मैंने अभी ईसीजी सहित कुछ टेस्ट करवाए हैं। मेरे शरीर में, खासकर घुटनों और पेल्विक एरिया में बहुत तेज दर्द है, इसलिए मैंने एक्स-रे भी करवाया है। अभी रिपोर्ट्स का इंतजार है। रिपोर्ट्स आने के बाद हम डॉक्टर से सलाह लेंगे और आगे का फैसला करेंगे।"
जानिए क्या है गुरुग्राम हिट एंड रन केस
- यह पूरा मामला गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड का है। यहां सिया की स्कूटी और एक कार के बीच टक्कर हो गई थी। आरोप है कि कार कल्याण बैंसला चला रहा था। इस घटना का एक वीडियो कैमरे में कैद हो गया था, जो बाद में सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ।
- वीडियो वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस हरकत में आई और आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा से हिरासत में ले लिया। इस घटना ने पूरे देश का ध्यान खींचा, जिसके बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू की।
- पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी ने भी पुलिस की इस कार्रवाई का समर्थन किया है। उन्होंने आरोपी को "कायर" बताते हुए कहा कि उसने पुरुषवादी अहंकार को ठेस पहुंचने की वजह से ऐसी हरकत की। (एएनआई)


