Hardoi Murder: यूपी के हरदोई में 7 महीने की गर्भवती महिला की कथित तौर पर पति ने लाठी से पीटकर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आई सास भी घायल हुईं। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लिया है।
Hardoi Murder Case: यूपी के हरदोई जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सिरफिरे पति ने अपनी 7 महीने की गर्भवती पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। हैवानियत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बहू को बचाने आई अपनी ही मां को भी आरोपी ने नहीं बख्शा और उन्हें भी पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है और मामले की तफ्तीश जारी है।
हरदोई के म्योरा गांव में सनसनीखेज वारदात
यह खौफनाक घटना हरदोई जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के म्योरा गांव की है। पुलिस के मुताबिक, गांव के रहने वाले 26 साल के विशाल की शादी करीब तीन साल पहले 24 वर्षीय किरण से हुई थी। दोनों की एक साल की मासूम बेटी भी है और किरण सात महीने की गर्भवती थी। मंगलवार शाम करीब 4 बजे पति-पत्नी के बीच अचानक किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि विशाल आपा खो बैठा।
7 महीने की गर्भवती पत्नी को लाठी से पीटकर मार डाला
गुस्से में अंधे हुए विशाल ने घर में रखा लकड़ी का डंडा उठाया और अपनी गर्भवती पत्नी पर ताबड़तोड़ हमले करने शुरू कर दिए। किरण दर्द से चिल्लाती रही, लेकिन विशाल का दिल नहीं पसीजा। चीख-पुकार सुनकर जब विशाल की मां प्रेमा अपनी बहू को बचाने दौड़ीं, तो कलयुगी बेटे ने उन पर भी डंडे से वार कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गईं।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
घर के अंदर से आ रही चीख-पुकार और शोर सुनकर आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि किरण खून से लथपथ पड़ी थी। ग्रामीण आनन-फानन में उसे नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद किरण को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बिलग्राम पुलिस गांव पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी विशाल को हिरासत में ले लिया।
Hardoi Murder Case: झगड़े की वजह की जांच जारी
बिलग्राम कोतवाली के इंस्पेक्टर विजय कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और जांच शुरू कर दी गई। उन्होंने बताया कि पति का पता लगाकर उसे हिरासत में लिया गया है। अब परिवार की शिकायत और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि विवाद किस वजह से शुरू हुआ था और घटना के दौरान वास्तव में क्या-क्या हुआ। मृतका के परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।


