Iran Attack: जॉर्डन के मुवाफ़क साल्टी एयरबेस पर ईरानी मिसाइल हमले में अमेरिका के F-15 और A-10 फाइटर जेट्स क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के जवाब में ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में नो-गो जोन घोषित कर तनाव और बढ़ा दिया है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

US-Iran War Update: अमेरिका और ईरान के बीच ठनी जंग अब खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई है। जॉर्डन के मुवाफ़क साल्टी एयर बेस पर ईरान ने मिसाइलों से जोरदार हमला बोला है, जिसमें अमेरिकी वायुसेना के कई फाइटर जेट्स को नुकसान पहुंचा है। इस हमले ने पूरे मिडल ईस्ट में हड़कंप मचा दिया है।

जॉर्डन एयरबेस पर बड़ा हमला, F-15 और A-10 जेट्स क्षतिग्रस्त

CBS न्यूज़ की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात जॉर्डन स्थित अमेरिकी एयरबेस पर ईरान ने ताबड़तोड़ मिसाइलें दागीं। इस कार्रवाई में अमेरिका के लगभग आठ F-15 फाइटर जेट्स को नुकसान पहुंचा, हालांकि नुकसान मामूली था और उन्हें फिर से काम पर लगा दिया गया है। वहीं 'वार्थोग' नाम से मशहूर अमेरिका का एक घातक A-10 थंडरबोल्ट एयरक्राफ्ट भी हमले की चपेट में आ गया, जिससे उसका एक पंख बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि इस हमले में किसी भी अमेरिकी सैनिक की जान नहीं गई।

समुद्र में बिगड़ी बात, अमेरिका ने डुबोए ईरान के 5 तेल टैंकर

तनाव की शुरुआत तब हुई जब अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने ईरान के पांच कच्चे तेल ले जाने वाले जहाजों को निशाना बनाकर तबाह कर दिया। अमेरिका का कहना है कि ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने पिछले दो दिनों में अमेरिकी नौसेना के युद्धपोत पर बैलिस्टिक मिसाइलों से दो बार हमला करने की कोशिश की थी। हालांकि, अमेरिकी युद्धपोत किसी तरह बच निकला, लेकिन जवाब में CENTCOM ने ईरान के तेल टैंकरों को ही उड़ा दिया।

Scroll to load tweet…

Strait of Hormuz: ईरान ने बनाया नया 'No-Go Zone'

तनाव के बीच ईरान ने Strait of Hormuz के आगे एक नए प्रतिबंधित क्षेत्र की घोषणा की है। यह इलाका दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री ऊर्जा मार्गों में से एक के करीब है, इसलिए ईरान का यह कदम खासा अहम माना जा रहा है। ईरानी मीडिया के अनुसार, IRGC ने दावा किया कि उसने इस इलाके से गुजरने की कोशिश कर रहे दो अमेरिकी जहाजों, आठ तेल टैंकरों और 10 'नियमों का पालन न करने वाले जहाजों' पर कार्रवाई की। इससे इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग में जहाजों की आवाजाही को लेकर चिंता और बढ़ गई है। पहले से जारी तनाव के बीच Strait of Hormuz में बढ़ती सैन्य गतिविधियां पश्चिम एशिया के लिए नया जोखिम पैदा कर रही हैं।

Donald Trump on Iran War: चुनाव के बाद 'तुरंत' खत्म होगा युद्ध?

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने बुधवार को ईरान के साथ चल रहे युद्ध को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि नवंबर में होने वाले अमेरिकी midterm elections के बाद यह युद्ध "तुरंत" खत्म हो जाएगा। ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें लगता है कि चुनाव खत्म होते ही युद्ध समाप्त हो जाएगा। उनका तर्क था कि ईरान अब ज्यादा समय तक इस संघर्ष को जारी रखने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि यह संघर्ष अब अपने सातवें महीने में प्रवेश कर चुका है और ईरान के लिए इसे लंबे समय तक जारी रखना मुश्किल होगा।